भोपाल मास्टर प्लान-2047 का ड्राफ्ट तैयार, 27% होगा ग्रीन एरिया; ग्रोथ कॉरिडोर से बदलेगी शहर की तस्वीर
भोपाल विकास योजना 2047 प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण, हरित क्षेत्रों को लगभग 27 प्रतिशत तक बढ़ाने और मिश्रित भूमि उपयोग को सक्षम करने पर केंद्रित दो दशकों के विकास के लिए एक ढाँचा निर्धारित करती है। 51 किमी का एक विकास गलियारा ईकेएआई सिटी, हवाई अड्डे और लॉजिस्टिक्स क्षेत्रों को जोड़ता है, जिसमें रोजगार और गतिशीलता को बढ़ावा देने के लिए एमआरटीएस और टीओडी के नियोजित उन्नयन शामिल हैं।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के विकास को अगले दो दशकों के लिए नई दिशा देने वाले भोपाल विकास योजना-2047 (मास्टर प्लान-2047) का प्रारूप तैयार हो गया है। लंबे अंतराल के बाद तैयार किए गए इस ड्राफ्ट में शहर के प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ आधुनिक सुविधाओं, बेहतर मोबिलिटी, रोजगार और निवेश के अवसरों पर जोर दिया गया है।

ड्राफ्ट में प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र का संरक्षण, नागरिक हितैषी नियोजन, परिवर्तनकारी विकास और आत्मनिर्भर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना चार प्रमुख आधार बनाए गए हैं। प्रशासन अब प्रकाशित प्रारूप पर आम लोगों से दावे और आपत्तियां तथा सुझाव आमंत्रित करेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भोपाल विकास योजना-2047 को भोजताल, वन क्षेत्रों और बाघ भ्रमण क्षेत्र जैसी प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं, सुगम मोबिलिटी और आर्थिक विकास के अवसर देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
मास्टर प्लान के ड्राफ्ट में करीब 51 किलोमीटर लंबे ग्रोथ कॉरिडोर की परिकल्पना की गई है। यह कॉरिडोर EKAI सिटी, एयरपोर्ट, प्रस्तावित CMU, लॉजिस्टिक एवं थोक व्यापार क्षेत्रों और विभिन्न उपनगरों को जोड़ने का प्रस्ताव रखता है।
इस कॉरिडोर में मिश्रित भूमि उपयोग के साथ उच्च घनत्व वाले विकास की योजना है। होटल, हॉस्पिटैलिटी, स्वास्थ्य सेवाएं, आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर, लॉजिस्टिक्स, थोक व्यापार, हाइपरमार्केट, मॉल, मल्टीप्लेक्स, कॉरपोरेट ऑफिस, संस्थान, एजुकेशन हब और हाउसिंग जैसी रोजगार केंद्रित गतिविधियों को विकसित करने का प्रस्ताव है।
ग्रोथ कॉरिडोर में सार्वजनिक परिवहन के लिए BRTS कॉरिडोर प्रस्तावित है, जिसे भविष्य में MRTS में अपग्रेड किया जा सकेगा। इसे विभिन्न रेडियल मार्गों और ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (TOD) क्षेत्रों के जरिए शहर से जोड़ने की योजना है।
विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम और इंदौर की ओर से आने वाले क्षेत्रीय मार्गों को भी इस नेटवर्क से जोड़ने का प्रस्ताव है। इसके अलावा निवेश क्षेत्र की बाहरी सीमा पर प्रस्तावित नए बायपास को ग्रीनफील्ड कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की योजना है। इसके दोनों ओर 50-50 मीटर हरित क्षेत्र प्रस्तावित किया गया है।
मकान और दुकान साथ-साथ, मिक्स्ड लैंड यूज पर जोर
मास्टर प्लान में राज्य की TOD नीति के अनुरूप मिश्रित भूमि उपयोग को बढ़ावा देने का प्रस्ताव है। सड़क की चौड़ाई के आधार पर आवासीय क्षेत्रों में मिक्स्ड लैंड यूज की अनुमति देने का उद्देश्य घर और कार्यस्थल के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित करना तथा सार्वजनिक परिवहन आधारित मोबिलिटी को बढ़ावा देना है।
ड्राफ्ट में कुछ क्षेत्रों में असीमित FAR और भवन ऊंचाई की व्यवस्था का प्रस्ताव भी रखा गया है। इससे उपलब्ध शहरी भूमि का बेहतर उपयोग और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने का लक्ष्य है। विकास मापदंडों को सरल बनाने के लिए भूतल कवरेज हटाने और भवनों के आसपास छोड़े जाने वाले न्यूनतम खुले स्थान (MOS) को भी नए सिरे से निर्धारित करने का प्रस्ताव है।
16% से बढ़ाकर 27% होगा हरित क्षेत्र
भोपाल मास्टर प्लान-2005 में हरित क्षेत्र करीब 16 प्रतिशत निर्धारित था। नए भोपाल विकास योजना-2047 के ड्राफ्ट में इसे बढ़ाकर करीब 27 प्रतिशत करने का प्रस्ताव है। भानपुर खंती के पुनर्विकास के लिए वहां गोल्फ कोर्स प्रस्तावित किया गया है। वहीं कॉलोनी स्तर पर खुले क्षेत्र को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 12 प्रतिशत करने का प्रस्ताव है।
ड्राफ्ट में हरित TDR का भी प्रावधान रखा गया है। इसके जरिए हरित क्षेत्र में आने वाली भूमि के मालिकों को क्षतिपूर्ति देने के साथ विकासकर्ताओं को TDR के माध्यम से अतिरिक्त विकास की सुविधा देने की योजना है। इसके अलावा हेरिटेज TDR का भी प्रावधान प्रस्तावित है।
पुरानी कॉलोनियों के पुनर्विकास को मिलेगा प्रोत्साहन
मास्टर प्लान में विकसित क्षेत्रों में भूमि के बेहतर इस्तेमाल के लिए क्रिएटिव रीडेवलपमेंट को बढ़ावा देने का प्रस्ताव है। इसमें भूखंडों के संविलियन और बेस FAR में छूट जैसे प्रावधान शामिल हैं।
प्रस्ताव के मुताबिक, 70 प्रतिशत रहवासियों की सहमति होने पर RWA आवासीय अपार्टमेंट के पुनर्विकास की प्रक्रिया आगे बढ़ा सकेगी। अफोर्डेबल हाउसिंग और प्रवासी नागरिकों के लिए रेंटल हाउसिंग को भी प्रोत्साहन देने का प्रस्ताव है।
डिजिटल ट्विन सिटी से होगी रियल टाइम मॉनिटरिंग
भोपाल मास्टर प्लान-2047 में विकास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और निगरानी के लिए डिजिटल ट्विन सिटी की व्यवस्था का प्रस्ताव किया गया है। इसका उद्देश्य अनधिकृत निर्माण, मोबिलिटी और विकास योजना से जुड़ी समस्याओं की रियल टाइम निगरानी और समय पर समाधान करना है।
शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर लगे निजी CCTV कैमरों की नेटवर्किंग, सार्वजनिक भवनों की बाउंड्री वॉल को पारदर्शी रखने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था जैसे प्रावधान भी शामिल किए गए हैं।
पार्किंग की समस्या से निपटने के लिए कई प्रावधान
ड्राफ्ट में मल्टीलेवल पार्किंग और मैकेनाइज्ड पार्किंग को बढ़ावा देने का प्रस्ताव है। सामुदायिक खुले क्षेत्रों के नीचे, ROB और फ्लाईओवर के नीचे पार्किंग की व्यवस्था का भी प्रावधान किया गया है। इसके अलावा बेसमेंट पार्किंग के लिए भूखंडों के संयुक्तिकरण को अनुमति देने और कुछ सार्वजनिक मार्गों पर RWA द्वारा पार्किंग शुल्क लेने से जुड़े प्रावधान भी प्रस्तावित किए गए हैं।
भौंरी में बनेगी EKAI सिटी, एजुकेशन हब पर जोर
भोपाल के भौंरी क्षेत्र में Education Knowledge Artificial Intelligence (EKAI) City विकसित करने की परिकल्पना की गई है। इसका उद्देश्य शहर में शिक्षा, ज्ञान और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी गतिविधियों के लिए एक प्रमुख केंद्र विकसित करना है।
मास्टर प्लान में अनाथ आश्रम, मूक-बधिर विद्यालय एवं छात्रावास, दिव्यांग विशेष विद्यालय, वृद्धाश्रम और रैन बसेरा जैसी चैरिटेबल गतिविधियों को भी प्रोत्साहन देने का प्रस्ताव है। ऐसी गतिविधियों को कुछ निर्धारित भूमि उपयोग क्षेत्रों में FAR की बाध्यता से मुक्त रखने का प्रावधान किया गया है।
45 लाख आबादी के अनुमान पर तैयार हुआ प्लान
भोपाल विकास योजना-1991 वर्ष 1975 में प्रकाशित हुई थी, जबकि भोपाल विकास योजना-2005 को 9 जून 1995 को प्रकाशित किया गया था। 2005 की योजना में 601.06 वर्ग किलोमीटर का निवेश क्षेत्र और 146 गांव शामिल थे।
अब भोपाल विकास योजना-2047 का प्रारूप 1,016.90 वर्ग किलोमीटर के निवेश क्षेत्र के लिए तैयार किया गया है। इसमें 254 गांवों को शामिल किया गया है और करीब 45 लाख की अनुमानित आबादी को ध्यान में रखकर योजना बनाई गई है। ड्राफ्ट में विकास योग्य प्रस्तावित क्षेत्रफल 61,017.02 हेक्टेयर निर्धारित किया गया है।
प्राकृतिक धरोहर और विकास के बीच संतुलन
भोपाल को झीलों और पहाड़ियों की नगरी के साथ पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील शहर के रूप में देखते हुए मास्टर प्लान में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को प्रमुखता दी गई है। भोजताल, वन क्षेत्र, पहाड़ियां, तालाब और जलाशय तथा बाघ भ्रमण क्षेत्र के संरक्षण के लिए प्रावधान किए गए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भोपाल विकास योजना-2047 का उद्देश्य प्राकृतिक धरोहरों की रक्षा के साथ शहर में बेहतर सुविधाएं, सुगम आवागमन और आर्थिक विकास के अवसर उपलब्ध कराना है। अब प्रकाशित ड्राफ्ट पर नागरिक अपने दावे, आपत्तियां और सुझाव प्रस्तुत कर सकेंगे।


Click it and Unblock the Notifications
