ऊर्जा संकट के बीच PM Modi का क्या है Energy Masterplan? 500 GW का बताया नया रोडमैप, किसान होंगे मालामाल!
Bharat Renewable Energy Summit 2026: दुनियाभर में ऊर्जा संकट, पश्चिम एशिया में तनाव और पेट्रोलियम उत्पादों के लिए दूसरे देशों पर निर्भरता के बीच भारत ने क्लीन एनर्जी पर अपना फोकस बढ़ा दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में 'भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो 2026' का उद्घाटन किया।
इस दौरान उन्होंने ऊर्जा सुरक्षा को देश की आर्थिक सुरक्षा से जोड़ते हुए कहा कि भविष्य की ऊर्जा जरूरतें क्लीन एनर्जी से ही पूरी होंगी। PM ने बताया कि भारत अपनी स्थापित बिजली क्षमता का 50% से अधिक हिस्सा गैर-जीवाश्म स्रोतों से हासिल कर चुका है। अब लक्ष्य 2030 तक इस क्षमता को 500 गीगावाट (GW) तक पहुंचाना है।

ऊर्जा संकट ने बताया रिन्यूएबल एनर्जी का महत्व
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले कुछ सालों में दुनिया ने कोरोना महामारी से लेकर पश्चिम एशिया संकट तक कई बड़े झटके झेले हैं। पश्चिम एशिया में जारी तनाव ने एक बार फिर ऊर्जा सुरक्षा के महत्व को सामने ला दिया है। उन्होंने कहा कि इस साल दुनिया में 'एनर्जी शॉक' यानी ऊर्जा संकट सबसे ज्यादा चर्चा का विषय रहा है। ऐसे हालात में यह समझना जरूरी है कि ऊर्जा की उपलब्धता सीधे किसी देश की अर्थव्यवस्था और विकास को प्रभावित करती है।
PM के मुताबिक, अगर भारत ने पिछले एक दशक में क्लीन एनर्जी के क्षेत्र में निवेश नहीं किया होता और इसके लिए जरूरी बुनियादी ढांचा तैयार नहीं किया होता, तो वैश्विक संकट का असर भारतीय अर्थव्यवस्था पर और गंभीर हो सकता था। उन्होंने कहा कि ऊर्जा सुरक्षा सीधे आर्थिक सुरक्षा से जुड़ी है। जीवाश्म ईंधन पर अत्यधिक निर्भरता रहने से वैश्विक अर्थव्यवस्था को बार-बार झटके लग सकते हैं।
2030 तक 500 GW गैर-जीवाश्म ऊर्जा क्षमता का लक्ष्य
प्रधानमंत्री ने भारत की स्वच्छ ऊर्जा से जुड़ी उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि देश की कुल स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता में 50% से अधिक हिस्सा गैर-जीवाश्म ईंधन स्रोतों का हो चुका है। भारत ने 2030 तक गैर-जीवाश्म ईंधन आधारित 500 GW बिजली क्षमता हासिल करने का लक्ष्य रखा है। PM मोदी के मुताबिक, देश करीब 300 GW की क्षमता तक पहुंच चुका है। गैर-जीवाश्म ऊर्जा स्रोतों में सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा, जलविद्युत और परमाणु ऊर्जा शामिल हैं।
इस लक्ष्य का महत्व इसलिए भी है क्योंकि भारत में बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। उद्योगों, शहरों, परिवहन और घरेलू जरूरतों के लिए अधिक बिजली की आवश्यकता होगी। ऐसे में पारंपरिक ईंधनों के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा के विकल्पों का विस्तार करना जरूरी है।
किसानों को अन्नदाता से ऊर्जादाता बनाने का प्लान
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में किसानों को भी क्लीन एनर्जी अभियान से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उनका विजन है कि देश का अन्नदाता ऊर्जादाता भी बने। इसके लिए किसानों की खाली जमीन पर सोलर पैनल लगाने और गांवों में सौर ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने की जरूरत है। इस व्यवस्था से किसान अपनी जरूरतों के लिए बिजली का इस्तेमाल कर सकेंगे और अतिरिक्त बिजली बेचकर कमाई का एक नया जरिया भी बना सकते हैं। PM ने कहा कि सौर ऊर्जा की अगली क्रांति सिर्फ इसके इस्तेमाल तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसमें नए आविष्कार और तकनीक भी शामिल होनी चाहिए।
उन्होंने स्टार्टअप, IIT, इनोवेटर्स और उद्यमियों से ऐसे मॉडल विकसित करने की अपील की, जिनसे एक परिवार की अधिक से अधिक ऊर्जा जरूरतें सौर ऊर्जा से पूरी हो सकें।
PM सूर्य घर योजना: 65 लाख से ज्यादा घरों तक पहुंचा सोलर अभियान
प्रधानमंत्री ने आम लोगों को सौर ऊर्जा से जोड़ने के लिए शुरू की गई PM सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का भी जिक्र किया। यह योजना फरवरी 2024 में शुरू की गई थी। इसके तहत देश के एक करोड़ घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
PM मोदी के मुताबिक, पिछले 24-25 महीनों में 65 लाख से ज्यादा घर इस अभियान से जुड़ चुके हैं। इस योजना का मकसद घरों में ही बिजली उत्पादन को बढ़ावा देना है। इससे परिवार अपनी बिजली की जरूरत का एक हिस्सा खुद पूरा कर सकते हैं और बिजली बिल में बचत कर सकते हैं। योजना के तहत पात्र परिवारों को रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने के लिए सब्सिडी भी दी जाती है।
एक मंच पर तीन बड़े अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा कार्यक्रम
भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट 2026 की खासियत यह है कि इसके साथ दो अन्य महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
- भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो 2026: इसमें क्लीन एनर्जी के क्षेत्र में निवेश, नई तकनीक, मैन्युफैक्चरिंग और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर चर्चा होगी।
- इंटरनेशनल सोलर एलायंस की 9वीं असेंबली: इसमें सदस्य देशों के बीच सौर ऊर्जा के विस्तार, तकनीकी सहयोग और निवेश की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा।
- ग्रीन हाइड्रोजन पर चौथा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन: इसमें ग्रीन हाइड्रोजन के उत्पादन, इस्तेमाल, तकनीक और भविष्य के बाजार पर चर्चा होगी।
यह आयोजन 2 से 5 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में हो रहा है। इसमें 130 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधियों, 40 से अधिक मंत्रियों और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े निवेशकों के शामिल होने की उम्मीद है। वहीं, 400 से ज्यादा कंपनियां और संस्थान अपनी तकनीक और उत्पाद प्रदर्शित करेंगे।
भारत के लिए क्लीन एनर्जी क्यों जरूरी है?
भारत की अर्थव्यवस्था और आबादी के विस्तार के साथ बिजली की मांग भी बढ़ रही है। ऐसे में क्लीन एनर्जी का विस्तार केवल पर्यावरण से जुड़ा मुद्दा नहीं, बल्कि आर्थिक और रणनीतिक जरूरत भी है। इसके तीन बड़े फायदे हो सकते हैं...
- विदेशी ईंधन पर निर्भरता घटेगी: सौर और पवन ऊर्जा का उत्पादन बढ़ने से आयातित कोयले, तेल और गैस पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है।
- प्रदूषण और कार्बन उत्सर्जन में कमी: स्वच्छ ऊर्जा के इस्तेमाल से बिजली उत्पादन के दौरान होने वाले कार्बन उत्सर्जन को घटाया जा सकता है।
- नए उद्योग और रोजगार: सोलर पैनल, बैटरी, विंड टर्बाइन और ग्रीन हाइड्रोजन के क्षेत्र में निवेश बढ़ने से रोजगार के नए अवसर बन सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications
