'मुख में राम, बगल में छुरी': भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत में ही खड़गे ने पीएम मोदी पर लगाया बड़ा आरोप
Congress Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भारत जोड़ो न्याय यात्रा की लॉन्चिंग के दौरान ही पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला किया है।
मणिपुर के थौबल से यात्रा की शुरुआत के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष ने पीएम मोदी पर चुनावी फायदे के लिए आस्था के इस्तेमाल का आरोप लगाया है।

वोट के लिए ढोंगबाजी नहीं करनी चाहिए-खड़गे
खड़गे ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा है, 'वोट के लिए किसी को ढोंगबाजी नहीं करनी चाहिए।' यात्रा की शुरुआत पर आयोजित रैली में उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम मोदी मणिपुर में वोट के लिए तो आते हैं, लेकिन जब यहां के लोग मुसीबत में थे तो वे नहीं आए।
मणिपुर में पिछले साल 3 मई से भड़की जातीय हिंसा में 180 से अधिक लोगों की जान चली गई थी और हजारों लोग बेघर हो गए थे। आज की स्थिति में भी वहां से रह-रहकर तनाव की खबरें आती हैं।
खड़गे बोले कि 'वो समंदर के ऊपर सैर करते फिरते हैं और जप करते बैठे हैं- राम राम राम राम।' उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधने के लिए हिंदी के मुहावरे का भी इस्तेमाल किया।
'मुख में राम, बगल में छुरी'
वे बोले, 'मुख में राम, बगल में छुरी', जनता के साथ ये न करें।' उन्होंने कहा, 'ईश्वर में सभी का विश्वास है और सब ईश्वर को याद करते हैं, इसमें कोई शक नहीं है, लेकिन वोट के लिए यह मत कीजिए। किसी को वोट लेने के लिए ढोंगबाजी नहीं करनी चाहिए।'
कांग्रेस नेता ने कहा कि लोगों को अपने सिद्धांतों के लिए संघर्ष करना चाहिए। खड़गे ने दावा किया कि, 'हम धर्मनिरपेक्षता, समानता, सामाजिक न्याय और संविधान बचाने के लिए लड़ते हैं, आप भी वही करें। ये लोग (बीजेपी) राजनीति को धर्म से जोड़ते हैं और लोगों को भड़काते हैं।'
उनके मुताबिक कांग्रेस लोगों के साथ है और उनके लिए लड़ रही है। उन्होंने कहा, 'हमने संसद में सवाल उठाया, लेकिन सरकार ने जवाब नहीं दिया और 146 लोगों को सस्पेंड कर दिया...हमने कहा कि यह अलोकतांत्रिक है, लेकिन उन्होंने हमें नहीं सुना।'
शांति का संदेश देने के लिए है यात्रा- कांग्रेस अध्यक्ष
उन्होंने आरोप लगाया कि वे (सरकार) विपक्ष को बाहर रखकर बिल पास करा रहे हैं। उनका यहां तक आरोप था कि देश में तानाशाही रवैया अपनाई जा रही है और बीजेपी लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश कर रही है।
उनका कहना है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा संविधान और लोकतंत्र बचाने और फासीवादी ताकतों से लड़ने के लिए ही शुरू की गई है।
कांग्रेस अध्यक्ष का कहना है कि उन्हें इस बात का गर्व है कि उनके पार्टी के नेता शांति का संदेश देने के लिए घर-घर जा रहे हैं। मणिपुर से महाराष्ट्र तक 6,713 किलोमीटर की यह यात्रा ज्यादातर बसों से ही पूरी की जानी है।
ज्यादातर बस से ही पूरी होगी राहुल की यात्रा
20 या 21 मार्च को मुंबई पहुंचने तक यह यात्रा देश की 100 लोकसभा सीटों, 110 जिलों से होकर गुजरेगी, जिसमें 67 दिन लगेंगे। इससे पहले खड़गे ने उस बस का भी अनावरण किया, जिसमें राहुल और कांग्रेस के अन्य नेता मणिपुर से मुंबई तक का सफर करेंगे।
'पहले अपने नेताओं को न्याय दे फिर न्याय यात्रा निकाले कांग्रेस'
इस बीच कांग्रेस की इस यात्रा से पहले पार्टी को तब बड़ा झटका लगा जब पूर्व केंद्रीय मंत्री और मुंबई साउथ लोकसभा सीट के पूर्व पार्टी सांसद मिलिंद देवड़ा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद भाजपा को बहाना मिल गया और उसने कांग्रेस पर तंज कसना शुरू कर दिया कि पार्टी पहले अपने नेताओं को न्याय दे फिर न्याय यात्रा निकाले।
कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए जयवीर शेरगिल ने इसपर ये कहकर हमला किया है कि कांग्रेस की 'तोड़ो यात्रा' शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा,'राहुल गांधी को पार्टी और इसके नेताओं के साथ किए गए अन्याय के बारे में जवाब देना होगा ....'। 'पहले असम के महासचिव (अपूर्वा भट्टाचार्जी) ने इस्तीफा दिया और अब मिलिंद देवड़ा ने भी दे दिया है।' (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications