MP News: CM मोहन यादव की बैतूल को बड़ी सौगात, 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों के खातों में भेजे 30 करोड़ रुपये से अधिक के बोनस

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बैतूल में व्यापक कल्याण और विकास उपायों की घोषणा की, जिसमें तेंदू पत्ता संग्राहकों को बोनस, एक नया गर्ल्स एजुकेशन कैंपस, नौकरी की नियुक्तियाँ और कई बुनियादी ढांचा परियोजनाएं शामिल हैं, जो ग्रामीण विकास और जन कल्याण पर सरकार के फोकस को दर्शाती हैं।

भोपाल/बैतूल, 31 अक्टूबर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को बैतूल जिले को विकास और जनकल्याण से जुड़ी कई सौगातें दीं। पुलिस ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों के बैंक खातों में 30 करोड़ रुपये से अधिक की बोनस राशि ट्रांसफर की। इसके साथ ही ग्राम वन समितियों के सदस्यों को 13 करोड़ रुपये से अधिक की काष्ठ लाभांश राशि भी अंतरित की गई।

Betul Welfare Announcements by CM Mohan Yadav

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 297 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 52 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और 145 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 55 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इससे पहले उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे स्थानीय नागरिकों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार जनहितैषी कार्यों को आगे बढ़ा रही है। गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि बैतूल में चार जिलों के 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को 30 करोड़ रुपये से अधिक की बोनस राशि दी गई है। यह राशि दक्षिण बैतूल, पश्चिम बैतूल, उत्तर बैतूल, पांढुर्णा (दक्षिण छिंदवाड़ा), पूर्व छिंदवाड़ा, पश्चिम छिंदवाड़ा और नर्मदापुरम वन मंडल के संग्राहकों को दी गई है। प्रदेश के तेंदूपत्ता संग्राहकों को अब तक 80 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रदान की जा चुकी है।

जनजातीय बेटियों के लिए 50 करोड़ का कन्या शिक्षा परिसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार माताओं-बहनों के कल्याण के लिए लाड़ली बहना योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लाभ पहुंचा रही है। ग्राम वन समितियों को भी 13 करोड़ रुपये से अधिक की काष्ठ लाभांश राशि दी गई है।

उन्होंने बताया कि बैतूल में जनजातीय बेटियों के लिए 50 करोड़ रुपये की लागत से कन्या शिक्षा परिसर और छात्रावास का भूमि-पूजन किया गया है। प्रदेश में बनाए जा रहे सांदीपनि विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का मॉडल बन रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेधावी विद्यार्थी योजना के तहत बोर्ड परीक्षाओं में 70 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को 25 हजार रुपये कीमत के लैपटॉप दिए जा रहे हैं। वहीं, स्कूल टॉपर्स को स्कूटी प्रदान की जा रही है। विद्यार्थियों को किताबें, साइकिल, ड्रेस और छात्रवृत्ति के माध्यम से भी सहायता दी जा रही है।

85 हजार सरकारी पदों पर नियुक्तियां, एक लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में उद्योग स्थापित किए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें। इसके लिए उन्हें कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अब तक 85 हजार शासकीय पदों पर युवाओं को नियुक्ति दे चुकी है। एक लाख नए पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। पुलिस विभाग में 18 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। इसके अलावा असिस्टेंट प्रोफेसर, माइनिंग इंस्पेक्टर और डॉक्टर जैसे पदों पर भी भर्तियां हुई हैं। प्रदेश के एक लाख से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दीपावली से पहले राज्य कर्मचारियों को 2 प्रतिशत अतिरिक्त महंगाई भत्ते की सौगात दी गई है।

बैतूल-मुलताई में लगेंगे नए कारखाने, कुकरू खामला में बढ़ेंगी पर्यटन सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि बैतूल जिले के कुकरू खामला में 15 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। यहां कॉफी के बागान भी लगाए जाएंगे। इसके साथ ही बैतूल-मुलताई में 24 करोड़ रुपये के नए कारखाने स्थापित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 से 17 नवंबर तक प्रदेशभर में तीन दिवसीय उत्सव मनाया जाएगा। जनजातीय नायकों को सम्मान देने के लिए सरकार ने विशेष कैबिनेट बैठकें भी आयोजित की हैं।

मुख्यमंत्री ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर वृंदावन गांवों में बेहतर पशुधन की प्रतियोगिताएं आयोजित करने और पशुपालकों को पुरस्कृत करने के निर्णय की जानकारी दी। उन्होंने किसानों और जनजातीय समुदाय के लोगों से गोपालन तथा दूध उत्पादन के माध्यम से आय बढ़ाने का आह्वान किया। सरकार कोदो-कुटकी सहित मोटे अनाज को भी प्रोत्साहन दे रही है।

उन्होंने कहा कि मजरे-टोलों में रहने वाले जनजातीय परिवारों को बेहतर सड़क और मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बसों की सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित संपत्तियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री भी कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बैतूल के लिए कीं कई बड़ी घोषणाएं

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैतूल जिले के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें पेयजल, सिंचाई, शिक्षा, खेल, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं:

*नल-जल योजना के कार्यों के लिए 50 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
*बैतूल में 15 करोड़ रुपये की लागत से गीता भवन और हाट बाजार बनाया जाएगा।
*सड़क चौड़ीकरण के लिए 47 करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी।
*जिले में 70 करोड़ रुपये की लागत से चार जलाशयों का निर्माण होगा।
*154 करोड़ रुपये की लागत से रामघाटी मध्यम सिंचाई परियोजना विकसित की जाएगी।
*घोड़ाडोंगरी में बैराज और जलाशय बनाए जाएंगे।
*शासकीय हाई स्कूलों में 50 करोड़ रुपये की लागत से सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
*100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से फुटबॉल टर्फ, इनडोर और आउटडोर स्टेडियम बनाए जाएंगे।
*बैतूल में जनजातीय संग्रहालय की स्थापना की जाएगी।
*प्रदेश के पहले ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व फॉरेस्ट में 7 करोड़ रुपये की लागत से सफारी गेट बनाया जाएगा।
*ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व फॉरेस्ट के पास 3 करोड़ रुपये की लागत से बटरफ्लाई पार्क विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें याद करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गरीब, किसान, युवा, महिला और जनजातीय सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम करती रहेगी। उन्होंने प्रदेशवासियों को दीपावली और गोवर्धन पूजा की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+