मेटल डिटेक्टर से लेकर राष्ट्रगान तक, जानें विस्फोट के 8 दिन बाद Rameshwaram Cafe खोलने की क्या-क्या तैयारियां?
Rameshwaram Cafe Blast: बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे विस्फोट मामले के 7 दिन से ज्यादा बीत चुके हैं। मामले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम को अभी भी आरोपी की तलाश है। जांच एजेंसी ने आरोपी से जुड़ा एक नया वीडियो भी जारी कर दिया है।
इस बीच, रामेश्वरम कैफे के मालिक राघवेंद्र राव ने कड़ी सुरक्षा के बीच 9 मार्च को कैफे खोलने का ऐलान कर दिया है। हालांकि, अभी तक फरार आरोपी की गिरफ्तारी न होने से, कैफे मालिक के लिए चुनौती बरकरार है।

रामेश्वरम कैफे के मालिक राघवेंद्र राव ने कहा कि इतनी जल्दी कैफे फिर से खोलने में हमारी मदद करने के लिए सरकार का आभारी हूं। एनआईए जल्द ही अपराधी को हमारे सामने लाएगी। हमने दोबारा कैफे खोलने से पहले सभी सावधानियां बरती हैं। आइए जानते हैं क्या- क्या तैयारियां की गई?
राघवेंद्र ने बताया कि सुबह 6.30 बजे राष्ट्रगान के साथ कैफे खुलेगा। पुलिस विभाग ने एहतियाती कदम उठाने की सिफारिश की है। परिणामस्वरूप, दो मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। दो व्यक्तियों को ग्राहकों की गतिविधियों पर नजर रखने, उनके सामान और व्यवहार दोनों पर नजर रखने के लिए तैनात किया गया है। हमने अपने सभी कैफे में समान सुरक्षा उपाय लागू किए हैं। सरकार और पुलिस ने हमें निर्देशित किया है कि ज्यादा से ज्यादा सीसीटीवी कहां लगाए जाएं? पूरे कैफे को सीसीटीवी फुटेज से लैस किया गया है।
Recommended Video
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, बीती 1 मार्च को बेंगलुरु के लोकप्रिय रामेश्वरम कैफे में विस्फोट हुआ। जिसमें 10 लोग घायल हो गए थे। मामले का आरोपी अभी भी फरार है। 4 मार्च को गृह मंत्रालय ने ब्लास्ट केस को आतंकवाद रोधी एजेंसी को सौंपने का फैसला किया। एनआईए ने ब्लास्ट मामले में पूछताछ के लिए मिनाज उर्फ सुलेमान, सैयद समीर, अनस इकबाल शेख और शान रहमान को हिरासत में लिया है।












Click it and Unblock the Notifications