Bengaluru News: "मुझे मजबूर होकर खुद कदम उठाना पड़ेगा", वायुसेना अधिकारी पर हमला, पत्नी के साथ दुर्व्यवहार
Bengaluru News: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक खबर सामने आ रही हैं जहां एक भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर पर कुछ लोगों ने कथित तौर पर हमला किया। घटना के वक्त उनकी पत्नी भी उनके साथ मौजूद थी। उनकी पत्नी जो स्वयं एक स्क्वाड्रन लीडर हैं उनके साथ भी हमलावरों ने दुर्व्यवहार किया। यह घटना उस समय हुई जब यह दंपति एयरपोर्ट की ओर जा रहे थे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
विंग कमांडर बोस ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 अप्रैल, 2025 को वह अपनी पत्नी के साथ DRDO कॉलोनी, सीवी रमन नगर से एयरपोर्ट जा रहे थे, जब एक बाइक सवार ने उनकी कार रोक दी।

वायुसेना अधिकारी पर हमला
बोस के मुताबिक, बाइक सवार ने उन्हें कन्नड़ भाषा में अपशब्द कहने शुरू कर दिए। स्थिति तब और बिगड़ गई जब उसने उनकी कार पर DRDO का स्टिकर देखा और कहा, "तुम DRDO के लोग हो।" इसके बाद उस व्यक्ति ने उनकी पत्नी को भी गालियां दीं। जब स्थिति को शांत करने के लिए वो कार से बाहर निकले, तो बाइक सवार ने अचानक चाबी से उनके माथे पर हमला कर दिया, जिससे खून बहने लगा।
बोस ने दावा किया कि इसके बाद घटनास्थल पर मौजूद कुछ अन्य लोग भी हमलावर के साथ शामिल हो गए। एक व्यक्ति ने तो पत्थर उठाकर उनके सिर पर मारा, जिससे उन्हें और गंभीर चोटें आईं हैं।
बोस ने सड़क पर ही एक वीडियो रिकॉर्ड किया
घायल अवस्था में, बोस ने सड़क पर ही एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उनका चेहरा और गर्दन खून से सने हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह घटना का विवरण देते हुए बेहद भावुक और आहत दिखे। इस पूरे मामले को लेकर अब सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। देशभर से नागरिक, सैन्य अधिकारी और सामाजिक संगठनों ने इस घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कई लोगों ने सवाल उठाए हैं कि जब देश की रक्षा में लगे अधिकारी भी सड़कों पर सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का क्या होगा?
घायल होने के बावजूद वह सड़क पर खड़े होकर चिल्लाते रहे: बोस
विंग कमांडर आदित्य बोस ने वीडियो में यह भी बताया कि घायल होने के बावजूद वह सड़क पर खड़े होकर चिल्लाते रहे, लोगों से सवाल करते रहे कि आखिर कैसे कोई एक सशस्त्र बल के सदस्य के साथ ऐसा व्यवहार कर सकता है। उन्होंने कहा कि जिस देश की सुरक्षा के लिए वे और उनकी पत्नी दिन-रात समर्पित हैं, उसी देश में उन्हें खुलेआम अपमानित और पीड़ित होना पड़ा - यह बेहद विडंबनापूर्ण और पीड़ा देने वाला है। बेंगलुरु पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है।
भगवान मुझे जवाबी कार्रवाई न करने की शक्ति दें: आदित्य बोस
उन्होंने कहा कि "शुक्र है कि मेरी पत्नी वहां मौजूद थीं और मुझे तुरंत बाहर निकालकर पुलिस स्टेशन ले गईं। हम वहां शिकायत दर्ज कराने गए, लेकिन हैरानी की बात है कि पुलिस की ओर से कोई भी प्रतिक्रिया नहीं मिली," उन्होंने वीडियो में कहा। इसके बाद बोस ने कर्नाटक की वर्तमान स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो कुछ उन्होंने अनुभव किया, वह सच्चाई थी - और इस सच्चाई ने उन्हें झकझोर दिया। "यह कर्नाटक की स्थिति है। सच्चाई और वास्तविकता को अपनी आंखों के सामने देखकर मुझे विश्वास ही नहीं हुआ।
इस वीडियो के अंत में उन्होंने कहा भगवान हमारी मदद करें। भगवान मुझे जवाबी कार्रवाई न करने की शक्ति दें। लेकिन अगर कल कानून और व्यवस्था हमारी मदद नहीं करती है, तो मुझे मजबूर होकर खुद कदम उठाना पड़ेगा।" इस मामलेल में संज्ञान लेते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications