बेंगलुरू: SAP के दो कर्मचारी H1N1 पॉजिटिव पाए गए
नई दिल्ली। बेंगलुरू के जर्मन सॉफ्टवेयर कंपनी सैप के दो कर्मचारियों एच1एन1 से संक्रमित पाए गए हैं। इसके बाद कंपनी की ओर से तमाम कर्मचारियों को सुझाव दिया गया है कि कर्मचारी 20 फरवरी से 28 फरवरी तक घर से काम करें। बता दें कि सैफ इंडिया का ऑफिस बेंगलुरू के आरएमएज इकोवर्ल्ड, सारजापुर-मारथल्ली आउटर रिंग रोड पर स्थित है। कंपनी की ओर से बयान जारी करके कहा गया है कि कंपनी के दो कर्मचारियों में एच1एन1 सैंपल पॉजिटिव पाया गया है।
कंपनी की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया है कि संक्रमित कर्मचारी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए होंगे, हमारे कर्मचारियों और उनके परिवार का स्वास्थ्य हमारे लिए शीर्ष वरीयता है। सावधानी के तौर पर बेंगलुरू, गुड़गांव और मुंबई के ऑफिस को बंद कर दिया गया है ताकि यहां के कार्यालय को सैनिटाइज किया जा सके। इन जगहों पर काम कर रहे कर्मचारियों से अगली नोटिस तक घर से काम करने के लिए कहा गया है। कर्मचारियों के हालत पर नजर रखी जा रही है। अगले दो दिन तक ऑफिस में सुधारात्मक उपाय किए जाएंगे।
कंपनी की ओर से कहा गया है कि अगर किसी भी कर्मचारी के परिवार के सदस्य को खांसी, सर्दी या बुखार आता है तो डॉक्टर से जरूर संपर्क करें और डॉक्टर की सलाह लें। हमारे कर्मचारियों का स्वास्थ्य हमारी शीर्ष वरीयता है। इससे पहले 2016 में भारत में स्वाइन फ्लू के 42592 मामले पाए गए थे। रिपोर्ट के अनुसार हैदराबाद में एच1एन1 के 20 मामले इस माह में मिले थे। ये लोग चीन से वापस लौटे थे, इन लोगों का कोरोना वायरस का टेस्ट हुआ था।