Bengal SIR: चुनाव आयोग ने नोबेल पुरस्कार विजेता अमर्त्य सेन को भेजा नोटिस, TMC सांसद अभिषेक बनर्जी भड़के
Bengal SIR Notice To Amartya Sen: तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने एक बार फिर एसआईआर प्रक्रिया पर हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के तहत चर्चित हस्तियों को नोटिस भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि नोबेल पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्री अमर्त्य सेन को भी नोटिस भेजा गया है। इससे पहले मोहम्मद शमी और टीएमसी सांसद और एक्टर देव को भी नोटिस भेजा गया है।
अभिषेक ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है और इसकी पुष्टि हो गई है कि भाजपा और चुनाव आयोग के बीच गठजोड़ है। प्रदेश में एसआईआर प्रक्रिया को लेकर घमासान जारी है। ममता बनर्जी ने इसे त्रुटिपूर्ण बताते हुए प्रक्रिया को तत्काल रोकने की मांग की है।

TMC सांसद अभिषेक बनर्जी ने किया दावा
मंगलवार को बीरभूम जिले के रामपुरहाट में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि अमर्त्य सेन जैसे प्रतिष्ठित व्यक्ति को नोटिस भेजा गया है। यह बंगाल का अपमान है। उन्होंने यह भी दावा किया कि भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और तृणमूल सांसद और अभिनेता देव को भी SIR सुनवाई के लिए नोटिस भेजे गए हैं।
Bengal SIR: अमर्त्स सेन को नोटिस भेजने पर भड़की टीएमसी
टीएमसी सांसद ने कहा कि बंगाल की जनता को प्रताड़ित करने के लिए एसआईआर किया जा रहा है। यह सब बंगाल के सम्मानित नागरिकों को डराने और बदनाम करने की साजिश का हिस्सा है। अभिषेक बनर्जी ने कहा कि अमर्त्य सेन ने न केवल भारत को नोबेल पुरस्कार दिलाया, बल्कि देश की छवि को वैश्विक मंच पर मजबूत किया। ऐसे व्यक्ति को चुनावी प्रक्रिया के नाम पर परेशान करना लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह बार-बार बंगाल और उसके नागरिकों का अपमान कर रही है।
Election Commission ने दी सफाई
हालांकि, इन आरोपों के तुरंत बाद चुनाव आयोग की ओर से स्पष्टीकरण जारी किया है। आयोग ने कहा कि अमर्त्य सेन को सुनवाई के लिए प्रत्यक्ष तौर पर नहीं आना होगा। सूत्रों के मुताबिक, यह मामला केवल गणना फॉर्म में हुई वर्तनी की त्रुटि से जुड़ा है। सिस्टम की तकनीकी गड़बड़ी के कारण कंप्यूटर-जनरेटेड नोटिस चला गया था। चुनाव आयोग ने संबंधित बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) को निर्देश दिया है कि वर्तनी की गलती को ठीक किया जाए।
अमर्त्य सेन ने नोटिस मिलने की पुष्टि नहीं की
अमर्त्य सेन से जुड़े ट्रस्ट सूत्रों ने भी पुष्टि की है कि उनके बोलपुर स्थित आवास पर कोई नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है। बताया गया है कि अमर्त्य सेन लंबे समय से अमेरिका में रह रहे हैं। उन्होंने आखिरी बार वर्ष 2014 में शांतिनिकेतन में मतदान किया था।












Click it and Unblock the Notifications