Bengal SIR: बंगाल में कई हाई प्रोफाइल चेहरों पर चुनाव आयोग सख्त, इस फेमस एक्टर को भी भेजा गया नोटिस
Bengal SIR News: पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची संशोधन (SIR) की प्रक्रिया पर राजनीतिक संग्राम जारी है। टीएमसी और विपक्षी दल ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में खामियों का दावा कर रहे हैं। इस बीच त्रुटियों और विसंगतियों को लेकर आयोग मतदाताओं को नोटिस भेज रहा। अब तक कई नामचीन हस्तियों को नोटिस भेजा गया है। इस कड़ी में भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी और तृणमूल कांग्रेस सांसद और अभिनेता देव (दीपक अधिकारी) भी शामिल हैं।
राज्य में SIR के तहत ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के बाद आपत्तियों और सुधारों को लेकर हियरिंग की प्रक्रिया चल रही है। कई मतदाताओं के फॉर्म में दस्तावेजों, मैपिंग या व्यक्तिगत जानकारी से जुड़ी गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आई हैं। इन्हीं कारणों से इन मतदाताओं को नोटिस भेजा गया है।

Bengal SIR News: एक्टर देव और मोहम्मद शमी को भेजा गया नोटिस
- कोलकाता के वार्ड नंबर 93 की काउंसलर मौसमी दास के अनुसार, मोहम्मद शमी को हियरिंग का नोटिस मिला है।
- मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले शमी लंबे समय से जादवपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदाता हैं। बताया जा रहा है कि उनके सेंसस फॉर्म में कुछ तकनीकी त्रुटियों के चलते उन्हें सुनवाई के लिए बुलाया गया है।
- इसी तरह घाटल से तृणमूल सांसद और लोकप्रिय अभिनेता देव को भी SIR हियरिंग के लिए बुलाए जाने की बात कही गई है।
- इससे पहले मशहूर कवि जॉय गोस्वामी, अभिनेता कौशिक बनर्जी और अभिनेत्री लबानी सरकार को भी सुनवाई के लिए बुलाया जा चुका है।
Bengal SIR पर राजनीतिक संग्राम जारी
SIR प्रक्रिया पर तृणमूल कांग्रेस कई गंभीर आरोप लगाती रही है। पार्टी का कहना है कि नामचीन लोगों से लेकर आम नागरिकों तक को सिर्फ परेशान करने के लिए नोटिस भेजा जा रहा है। टीएमसी का यह भी आरोप है कि सुनवाई के दौरान जान-बूझकर असहज सवाल पूछे जा रहे हैं। हालांकि, सांसद और एक्टर देव ने एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा कि उन्हें अब तक किसी तरह का नोटिस या कॉल नहीं मिला है। इस मुद्दे पर राजनीतिक संग्राम भी चल रहा है। बीजेपी जहां इसे चुनाव आयोग की निष्पक्ष प्रक्रिया बता रही है, तो टीएमसी और कांग्रेस इस प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं।
सीएम ममता बनर्जी ने किया सुप्रीम कोर्ट जाने का ऐलान
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर SIR प्रक्रिया को अव्यवस्थित और त्रुटिपूर्ण बताया है। उन्होंने मांग की है कि अगर आपत्तियों का समाधान नहीं होता है तो इस प्रक्रिया को निलंबित किया जाए। सीएम ने सुप्रीम कोर्ट जाने का भी ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि टीएमसी इस प्रक्रिया को निलंबित कराने के लिए सर्वोच्च अदालत का दरवाजा खटखटाएगी। विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस फर्जी मतदाताओं को बचाने की कोशिश कर रही है और SIR पर विरोध इसी का संकेत है।












Click it and Unblock the Notifications