Bengal Politics: बंगाल में राम नाम पर बवाल, TMC विधायक के श्रीराम को मुसलमान बताने पर बीजेपी आग बबूला
Bengal Politics: पश्चिम बंगाल में राम के नाम पर राजनीति और तेज हो गई है। कुछ दिन पहले ही राम मंदिर और बाबरी मस्जिद को लेकर घमासान हुआ था। अब सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) के विधायक मदन मित्रा का भगवान राम पर दिया बयान विवाद की वजह बन गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में विधायक कह रहे हैं कि भगवान राम मुस्लिम थे। इस बयान के सामने आते ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने TMC पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी ने कहा कि यह हिंदू आस्था का खुला अपमान है।
टीएमसी विधायक मदन मित्रा ने एक सार्वजनिक भाषण के दौरान विवादित बयान दिया था। बंगाली में दिए भाषण में उन्होंने कहा था, 'भगवान राम मुस्लिम थे।' अपने इस भाषण में उन्होंने हिंदू धर्म से जुड़ा संस्कृत का एक श्लोक भी सुनाया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि बीजेपी के नेताओं की धर्म को लेकर समझ काफी सतही है।

Madan Mitra Statement: बीजेपी ने मित्रा के बयान को बताया शर्मनाक
टीएमसी विधायक मदन मित्रा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए BJP प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि यह शर्मनाक बयान है। उन्होंने कहा, 'भगवान श्रीराम को मुस्लिम बताना हिंदू धर्म का जान बूझकर अपमान करना है। TMC अब इस हद तक गिर चुकी है कि वह लगातार हिंदू आस्था पर प्रहार कर रही है। गिरने की इससे अधिक सीमा और क्या हो सकती है कि प्रभु श्रीराम के नाम पर सियासत की जाए।'
पश्चिम बंगाल बीजेपी ने भी बयान जारी कर कहा कि TMC नेताओं को हिंदू देवी-देवताओं और धार्मिक मान्यताओं का अपमान किए बिना चैन नहीं मिलता। पार्टी ने आरोप लगाया कि यह बयान एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है।
TMC MLA ने दी अपने बयान पर सफाई
विवाद बढ़ने के बाद मदन मित्रा ने सफाई देते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी धर्म का अपमान करना नहीं था। उन्होंने कहा कि मैं BJP नेताओं की धार्मिक समझ पर सवाल उठा रहा था। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इस बयान को लेकर किसी राजनीतिक परिणाम का डर नहीं है। मैंने यह बयान बीजेपी नेताओं के धर्म के मामले में समझ के संदर्भ में दिया था।
'BJP की धर्म को लेकर सतही समझ है'
टीएमसी विधायक मदन मित्रा ने कहा, 'मैंने दिल्ली में एक BJP नेता को यह साबित करने की चुनौती दी थी कि भगवान राम हिंदू थे। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी नेता धर्म से जुड़े उनके किसी भी सवाल का जवाब नहीं दे सके। हालांकि, अब चुनावी मौसम में उनके बयान पर जमकर संग्राम होना शुरू हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications