Bengal Election 2026: बंगाल चुनाव में दिलीप घोष को मिली बड़ी जिम्मेदारी, अमित शाह से मुलाकात के बाद एक्शन में!
Bengal Election 2026 Dilip Ghosh: पश्चिम बंगाल में बीजेपी के बड़े नेताओं में शुमार दिलीप घोष फिर से चर्चा में हैं। लंबे समय से प्रदेश की राजनीति में वनवास झेल रहे दिग्गज नेता फिर से सक्रिय नजर आ रहे हैं। पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष की मुलाकात गृहमंत्री अमित शाह से हुई थी। इसके बाद से वह फिर से सक्रिय हो गए हैं। बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में वह कई जनसभाएं भी करेंगे। माना जा रहा है कि गृहमंत्री ने उन्हें विधानसभा चुनाव में अहम जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया है।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष से गृहमंत्री ने अपने बंगाल दौरे के दौरान मुलाकात की थी। दोनों नेताओं के बीच लंबी बातचीत हुई थी। बताया जा रहा है कि शाह ने घोष से विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर तैयारी करने का निर्देश दिया है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य के साथ मिलकर जनसभाएं करेंगे।

Bengal Election 2026: एक्शन मोड में आए दिलीप घोष
नए साल के पहले दिन गुरुवार (1 जनवरी) को दिलीप घोष कोलकाता स्थित प्रदेश बीजेपी कार्यालय पहुंचे थे। यहां उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य के साथ बैठक की। इस मुलाकात के बाद उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत के साथ बीजेपी की सरकार बनेगी। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में वह कई जनसभाएं करेंगे और टीएमसी के राज को उखाड़ फेंकने के लिए पूरा जोर लगाएंगे।
Dilip Ghosh की वापसी बीजेपी के लिए कई वजहों से अहम
- दिलीप घोष का प्रदेश में बीजेपी और संगठन मजबूत करने के लिहाज से बड़ा योगदान माना जाता है। उनके पास कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की क्षमता है।
- ममता बनर्जी और टीएमसी पर तीखे हमले बोलने वाले घोष की सक्रियता कई लिहाज से अहम है। उन्हें चुनावी प्रबंधन और रणनीति बनाने का मास्टर माना जाता है।
- दिलीप घोष बंगाल की राजनीति के दिग्गज और जुझारू नेताओं में शुमार हैं। उनकी सक्रियता से पिछले काफी समय से चल रही नाराजगी और वनवास की खबरों पर विराम लगेगा।
- बीजेपी हाई कमान ने कार्यकर्ताओं और संगठन को भी स्पष्ट निर्देश दे दिया है कि चुनाव तक गुटबाजी की जगह नहीं है। पार्टी प्रदेश के सभी नेताओं को एकजुट करके चुनाव में उतरना चाहती है।












Click it and Unblock the Notifications