Bengal Election 2026: कोलकाता में अमित शाह की बड़ी बैठक, TMC को हराने का बनेगा प्लान
Bengal Election 2026 Amit Shah: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिन के दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंच चुके हैं। शाह बुधवार तक कोलकाता में ही रहेंगे और इस दौरान चुनावी रणनीति और तैयारियों की समीक्षा करेंगे। सोमवार को गुवाहाटी से कोलकाता आने के बाद वह सीधे भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय पहुंचे। गृहमंत्री यहां पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करने वाले हैं। इसके अलावा, संघ नेताओं के साथ उनकी अहम बैठक है और बीजेपी विधायकों और सांसदों से भी फीडबैक लेंगे।
बताया जा रहा है कि पार्टी पदाधिकारियों के साथ करीब दो घंटे तक लंबी बैठक हुई है। सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि आने वाले विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी की रणनीतियों की समीक्षा होगी। ममता बनर्जी के हालिया हिंदू कार्ड की काट भी तैयार की जाएगी।

Amit Shah तैयार करेंगे TMC के लिए चक्रव्यूह
- अमित शाह अपने दौरे के दौरान पार्टी के सांसदों, विधायकों और नगर निकाय प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे। उनसे फीडबैक लिया जाएगा और टीएमसी की रणनीति की काट तैयार करने पर चर्चा होगी।
- ममता बनर्जी ने शाह के दौरे वाले दिन ही सोमवार (29 दिसंबर) को दुर्गा-आंगन की नींव रखी और महाकाल मंदिर बनाने का ऐलान किया है। सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि शाह टीएमसी के हिंदू कार्ड की तोड़ भी निकालने की कवायद में है।
- इसके अलावा, टीएमसी की आक्रामक चुनावी रणनीति की काट तैयार कर कार्यकर्ताओं को भी शाह निर्देश देंगे। बताया जा रहा है कि गृहमंत्री बीजेपी की रणनीति और प्रचार अभियान को जनता तक पहुंचाने के लिए बीजेपी की सोशल मीडिया टीम से अलग से संपर्क करेंगे।
Bengal Election 2026 से पहले बीजेपी का मेगा प्लान तैयार
बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी युद्धस्तर पर तैयारी कर रही है। साल 2014 में केंद्र की सत्ता में आने के बाद मोदी और शाह की जोड़ी लगातार विजय का पताका फहरा रही है। इन 11 सालों में बीजेपी ने त्रिपुरा और असम जैसे राज्यों में पहली बार अपने दम पर सरकार बनाई। इसके बावजूद बंगाल में आक्रामक चुनाव प्रचार के बावजूद भी अब तक टीएमसी के दुर्ग को नहीं भेद पाई है। विधानसभा चुनाव 2026 बीजेपी के लिए ही नहीं पीएम मोदी और अमित शाह के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न है। इसे देखते हुए बीजेपी ने जोरदार तैयारी शुरू कर दी है और खुद अमित शाह अब अपना पूरा फोकस बंगाल में लगाने वाले हैं।
Amit Shah Kolkata Visit: कोलकाता में अमित शाह के अहम कार्यक्रम
मंगलवार को वह पार्टी नेताओं के साथ अहम बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं। इसमें आगामी चुनावों को लेकर बीजेपी की रणनीति पर संकेत मिल सकते हैं। बुधवार को उनका थंथानिया कालीबाड़ी मंदिर जाने का कार्यक्रम है। इसके बाद वह पूर्वी कोलकाता में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। बताया जा रहा है कि शाह संघ के कुछ वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक में चुनावी नारों से लेकर संगठन स्तर पर तैयारियों की चर्चा करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications