Bengal Chunav 2026: दुर्गा आंगन–महाकाल मंदिर का दांव, ममता बनर्जी का हिंदू कार्ड BJP को देगा टेंशन!
Bengal Chunav 2026 Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की राजनीति में पिछले कुछ हफ्तों से धार्मिक बयानबाजी तेज है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) से निष्कासित विधायक हुमायूं कबीर ने राज्य में बाबरी मस्जिद की नींव रखी थी। बीजेपी ने इसे ममता बनर्जी की तुष्टिकरण की राजनीति का नतीजा बताया था। अब सीएम ममता बनर्जी ने चुनावी मौसम में बीजेपी के आऱोपों की काट के तौर पर कोलकाता में दुर्गा आंगन की नींव रखी है। साथ ही उन्होंने महाकाल मंदिर बनाने का भी ऐलान किया है।
मुस्लिम तुष्टिकरण के आरोपों का तगड़ा जवाब देने और टीएमसी के वोट बैंक को बचाने के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हिंदू कार्ड का दांव खेला है। कोलकाता में दुर्गा आंगन की नींव रखते हुए उन्होंने प्रदेश में भव्य महाकाल मंदिर बनाने का ऐलान किया है।

Bengal Chunav 2026 में ममता बनर्जी ने निकाली बीजेपी की काट
सोमवार को कोलकाता के बाहरी इलाके न्यू टाउन में 'दुर्गा आंगन' (दुर्गा मंदिर परिसर) की आधारशिला रखने के कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हम मानवता को मानते हैं और सबको साथ लेकर चलते हैं। इसलिए हम पर तुष्टिकरण के आरोप लगाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल के सबसे बड़े महाकाल मंदिर की नींव जनवरी के दूसरे सप्ताह में रखी जाएगी। इस घोषणा के साथ उन्होंने बीजेपी के हिंदू आस्था की अनदेखी और मुस्लिम तुष्टिकरण के आरोपों की जोरदार काट तैयार की है।
Mamata Banerjee ने एक तीर से साधे कई निशान
- ममता बनर्जी ने इस ऐलान के जरिए एक तीर से कई निशान साधे हैं। बीजेपी के हिंदुत्व और विकास के वादों और मुस्लिम तुष्टिकरण के आरोपों का उन्होंने जवाब दिया है।
- एसआईआर में गड़बड़ियों को लेकर टीएमसी हमलावर है और बीजेपी इसे घुसपैठियों को बचाने की साजिश कहती है। अब उन्होंने धार्मिक आयोजन के जरिए अपनी प्रदेश के हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाली छवि पेश की है।
- इसके साथ ही बाबरी मस्जिद बनाने को लेकर हुए विवाद पर भी ममता ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। हुमायूं कबीर को पार्टी से निष्कासित कर और उनके बेटे की गिरफ्तारी के जरिए ममता ने स्पष्ट कर दिया है कि अनुशासनहीनता के लिए पार्टी में जगह नहीं है।
जनवरी में शुरू होगा Mahakal Temple बनाने का काम
दुर्गा आंगन की नींव रखते हुए टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने कहा कि महाकाल मंदिर परियोजना के लिए पैसों का इंतजाम हो गया है। तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर से जुड़े बाकी तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं को अंतिम रूप देने के लिए जल्द ही एक बैठक भी बुलाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने दुर्गा आंगन की आधारशिला समारोह में संतों और धार्मिक प्रतिनिधियों की मौजूदगी में कहा, 'आज का दिन बहुत शुभ है। मैं आपको एक खुशखबरी दे रही हूं। जनवरी के दूसरे सप्ताह में हम महाकाल मंदिर की नींव रखेंगे। पूजा के दौरान ही मैंने इसकी तारीख तय कर ली थी।'
धार्मिक परियोजनाओं पर सरकार का फोकस
बता दें कि ममता बनर्जी इससे पहले दीघा में जगन्नाथ मंदिर के निर्माण का भी ऐलान कर चुकी हैं। अब न्यू टाउन में दुर्गा आंगन की भी नींव रख दी गई है। अक्टूबर में उत्तरी बंगाल के आपदा प्रभावित इलाकों के दौरे के दौरान ही उन्होंने सिलीगुड़ी में एक भव्य महाकाल मंदिर बनाने का ऐलान किया था। इन धार्मिक परियोजनाओं के ऐलान के साथ उन्होंने चुनाव से पहले अपनी मजबूत रणनीति का संकेत दे दिया है।












Click it and Unblock the Notifications