Bengal Chunav 2026: मिशन मोड में बीजेपी, बूथ स्तर और संगठन मजबूत करने पर रहेगा इस बार फोकस
Bengal Chunav 2026: पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) मिशन मोड में आ चुकी है। पिछले चुनाव में कई सेलिब्रिटी चेहरों को टिकट दिया गया था। सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि इस बार पार्टी का फोकस बूथ लेवल मजबूत करने पर है। साथ ही, पुराने कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और काडर के साथ आगे बढ़ने की योजना है। गृहमंत्री अमित शाह ने अपने बंगाल दौरे के दौरान पुराने और नाराज चल रहे नेताओं को भी एकजुट रहने का निर्देश दिया है।
बताया जा रहा है कि पार्टी ने राज्य के 82 विधानसभा क्षेत्रों को चुना है। यहां खास तौर पर जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत बनाने की रणनीति पर काम करने का फैसला किया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी ने इन निर्वाचन क्षेत्रों में करीब 71 हजार बूथों पर अपनी बूथ-स्तरीय संरचना को सशक्त कर लिया है।

Bengal Chunav 2026: बीजेपी का फोकस बूथ मजबूत करने पर
- मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, तो एसोसिएशन ऑफ इन्फॉर्मेशन एंड रिसर्च (AIR) प्रक्रिया पूरी होने के बाद बीजेपी के बूथ लेवल कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़कर लगभग 93 हजार तक पहुंच सकती है।
- इससे चुनावी स्तर पर संगठन को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता और संगठन से जुड़े कार्यकर्ता आने वाले दिनों में पुराने कैडर से दोबारा संपर्क साधने की योजना बना रहे हैं।
- पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर पुराने समर्थकों से संवाद करेंगे। साथ ही, राज्य में हिंसा प्रभावित बीजेपी कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात कर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती देने का प्रयास किया जाएगा।
दल-बदल करने वाले नेताओं को BJP नहीं देगी भाव!
इस बार बीजेपी की चुनावी रणनीति में एक और बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि तृणमूल कांग्रेस, कांग्रेस और वाम दलों से आए विवादित और दागी नेताओं को बीजेपी में शामिल नहीं किया जाएगा। पिछले चुनाव में टॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री से जुड़े बड़े चेहरों पर पार्टी ने दांव लगाया था, लेकिन इसका नुकसान हुआ था। इस बार पार्टी लोकप्रिय चेहरों से भी परहेज कर रही है। बताया जा रहा है कि गृहमंत्री अमित शाह ने पार्टी पदाधिकारियों और बंगाल के एमपी-एमएलए से बैठक में स्पष्ट कर दिया है कि चुनाव में कार्यकर्ताओं के दम पर ही उतरना है। हर जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं की कोर टीम गठित की जाएगी और चुनाव प्रचार होगा।
Bengal Chunav में बीजेपी का फोकस प्रवासी वोटों पर
बीजेपी की रणनीति में शहरी मतदाताओं को साथ लेकर चलने के अलावा प्रवासी समुदायों पर भी खास फोकस है। पार्टी पूर्वांचल, बिहारी, मारवाड़ी और देश के अन्य हिस्सों से आए मतदाताओं तक सीधे पहुंचने की योजना बना रही है। इसके लिए जिलेवार व्यापारी संघों, प्रवासियों के संगठनों, चैंबर ऑफ कॉमर्स जैसी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की जाएगी।
इसके अलावा, पार्टी विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर चुनाव प्रचार का फोकस रखने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 17 और 18 जनवरी को मालदा और हावड़ा में प्रस्तावित रैलियों को बेहद अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि ये रैलियां पश्चिम बंगाल में बीजेपी की राजनीतिक पकड़ को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications