गुजरात चुनाव से पहले वोटरों को जीएसटी के बाद डीजल-पेट्रोल के घटे दाम का तोहफा
नई दिल्ली। गुजरात में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। अभी तक इस चुनाव की तारीख का फैसला तो नहीं हो सका है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि यह चुनाव दिसंबर में हो सकते हैं। चुनावी दौर शुरू होने से पहले ही मोदी सरकार ने अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए पत्ते बिछाने शुरू कर दिए हैं। पहले तो जीएसटी के तहत करीब 27 चीजों के दाम घटाए गए और फिर उसके बाद सोने की खरीददारी पर पैन कार्ड की अनिवार्यता की सीमा को बढ़ाया गया। जहां एक ओर जीएसटी और पैन कार्ड से जुड़े फैसले पूरे देश के लिए लागू हुए तो वहीं गुजरात के लोगों को स्पेशल फील कराने के लिए गुजरात में डीजल-पेट्रोल की कीमतों में कटौती का इक्का भी फेंक दिया गया है। इस तरह से विधानसभा चुनाव से पहले ही गुजरात के लोगों को 3 खास तोहफे मिल गए हैं।

डीजल-पेट्रोल की कीमतें कितनी हुईं कम?
विधासभा चुनाव से पहले गुजरात के लोगों को तोहफा देते हुए मुख्यमंत्री विजय रूपानी ने मंगलवार को वैट की दरों में 4 फीसदी की कटौती करने का ऐलान किया। इस कटौती के बाद गुजरात में पेट्रोल के दामों में 2.93 रुपए प्रति लीटर और डीजल के दामों में 2.72 रुपए प्रति लीटर की गिरावट आ जाएगी। यह कीमतें मंगलवार की आधी रात के बाद यानी 11 अक्टूबर से प्रभावी होंगी। इस फैसले के बाद गुजरात में डीजल 60.77 रुपए प्रति लीटर हो जाएगा और पेट्रोल की कीमत 66.53 रुपए प्रति लीटर हो जाएगी। सरकार को इस फैसले से करीब 2,316 करोड़ रुपए का सालाना नुकसान होने का भी अनुमान है, लेकिन चुनावी तैयारियों में पैसा तो खर्च होता ही है। इससे पहले केन्द्र सरकार पेट्रोलियम उत्पादों पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी में भी 2 रुपए प्रति लीटर की कटौती कर चुकी है।

सोने की खरीददारी पर पैन कार्ड की अनिवार्यता
सरकार ने सोने की खरीददारी पर पैन कार्ड की अनिवार्यता के फैसले में भी बड़ी छूट दी है। जीएसटी काउंसिल की बैठक में सरकार ने गहनों की खरीदारी को प्रीवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट, 2002 (PMLA) से बाहर कर दिया गया है। इसके साथ ही अब 2 लाख तक के गहनों को खरीदने के पैन कार्ड देना जरूरी नहीं होगा। बता दें कि इससे पहले 50 हजार या उससे ज्यादा की गहनों की खरीदारी पर पैन कार्ड देना अनिवार्य था। इसका फायदा पूरे देश के लोगों को होगा और साथ ही गुजरात के उन व्यापारियों को भी होगा जो सोने का व्यापार करते हैं। भले ही मोदी सरकार का यह फैसला पूरे देश के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है, लेकिन गुजरात के लिए इस तोहफे का महत्व कुछ अधिक ही है।

जीएसटी के तहत घटा चुके हैं 27 चीजों के दाम
जहां एक ओर जीएसटी को लेकर मोदी सरकार की लगातार आलोचना हो रही थी, वहीं इसके तहत 27 कैटेगरी में आने वाली चीजों के दाम घटाकर मोदी सरकार ने वाहवाही लूट ली है। वित्त मंत्री अरुण जेटली की अगुवाई में हुई जीएसटी काउंसिल की एक बैठक में यह फैसला लिया गया था। भले ही यह फैसले सीधे-सीधे गुजरात चुनाव से जुड़े नहीं दिख रहे हों, लेकिन इनसे मोदी सरकार को गुजरात के विधानसभा चुनाव में फायदा होना तो तय है।












Click it and Unblock the Notifications