Bengal Chunav 2026 से पहले महुआ मोइत्रा ने ये क्या कह दिया- 'बंगाली हिंदू मां काली को मांस चढ़ाएगा'
Bengal Chunav 2026 Mahua Moitra: तृणमूल कांग्रेस (TMC) की तेज तर्रार सांसद महुआ मोइत्रा एक बार फिर अपने बयान की वजह से चर्चा में हैं। बंगाल चुनाव से पहले हिंदू धर्म और हिंदुत्व को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिस पर संग्राम शुरू हो सकता है। कोलकाता डिबेटिंग सर्कल की ओर से आयोजित कार्यक्रम 'हिंदू धर्म को हिंदुत्व से सुरक्षा की आवश्यकता है' विषय पर बोलते हुए महुआ मोइत्रा ने हिंदुत्व को हानिकारक विचारधारा करार दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि आज बीजेपी लव जिहाद जैसे मुद्दों को बेवजह तूल दे रही है। महुआ मोइत्रा ने कहा कि हिंदू धर्म और हिंदुत्व एक नहीं हैं। उनके अनुसार, हिंदू धर्म विविधताओं और सहिष्णुता को स्वीकार करता है, जबकि हिंदुत्व समाज में विभाजन को बढ़ावा देता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि एक बंगाली हिंदू मां काली को मांस चढ़ा सकता है, लेकिन हिंदुत्व का दावा करनेवाले इसे गलत ठहराएंगे।

Mahua Moitra के बयान पर मच सकता है बवाल
उन्होंने आगे कहा कि हिंदू धर्म में बहुत विविधता है। बंगाली हिंदू देवी मां काली को मांस चढ़ाता है, लेकिन हिंदुत्व की बात करनेवाले इसे गलत ठहरा सकते हैं। उन्होंने कहा, 'हिंदू और मुसलमानों के बीच प्रेम हो सकता है। हिंदुत्व की सोच इसे नहीं स्वीकारती है 'लव जिहाद' जैसे शब्दों से खारिज कर देती है। आज बीजेपी इसी लव जिहाद जैसी विभाजन करनेवाली सोच को बढ़ावा देती है।'
मणिशंकर अय्यर ने भी हिंदुत्व पर साधा निशाना
इस कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे मणिशंकर अय्यर भी वक्ता के तौर पर मौजूद थे। अय्यर ने हिंदुत्व को एक राजनीतिक विचारधारा बताया। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व को हिंदू धर्म का "पैरानोइया" कहना चाहिए। पैरानोइया एक मानसिक अवस्था होती है, जिसमें व्यक्ति भ्रम में या डर में जीता है। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म एक महान आध्यात्मिक परंपरा है, जबकि हिंदुत्व डर और असुरक्षा की राजनीति है।
Mahua Moitra के बयान पर बीजेपी का पलटवार
मणिशंकर अय्यर ने दावा किया कि हिंदुत्व 1923 में अस्तित्व में आया, जबकि हिंदू धर्म हजारों वर्षों से है। उन्होंने यह भी कहा कि हिंदू धर्म बिना किसी राजनीतिक संरक्षण के फलता-फूलता रहा है। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म को हिंदुत्व की सुरक्षा की कभी जरूरत नहीं पड़ी। महुआ मोइत्रा और पूर्व केंद्रीय मंत्री अय्यर के बयान पर बीजेपी नेताओं की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने हिंदू धर्म और हिंदुत्व को पूरक बताया।
उन्होंने कहा कि हिंदुत्व, हिंदू तत्व का प्रतिनिधित्व करता है और इसे अलग-अलग नहीं देखा जाना चाहिए। महुआ मोइत्रा और मणिशंकर अय्यर के बयानों ने आने वाले चुनावी माहौल में धार्मिक और राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है।
Bengal Chunav 2026 में हिंदुत्व रहेगा बड़ा मुद्दा
बंगाल विधानसभा चुनाव में इस बार हिंदुत्व बड़ा मुद्दा रहने वाला है। बीजेपी लगातार टीएमसी पर बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण देने और तुष्टिकरण का आरोप लगाती रही है। दूसरी ओर ममता बनर्जी भी अपनी इस छवि को नकारने के लिए जोर लगा रही है। कोलकाता में दुर्गा आंगन की नींव रखने के साथ ही उन्होंने बंगाल में महाकाल मंदिर बनाने का भी ऐलान कर दिया है। ममता बनर्जी लगातार बीजेपी के आरोपों पर कहती रही हैं कि उनकी राजनीति समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की है।












Click it and Unblock the Notifications