आतिशी से पहले भी आप में बदले हैं सरनेम, MLA प्रवीण हो चुके हैं 'देशमुख से कुमार'
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी मार्लेना ने अपने नाम में बदलाव करते हुए सरनेम हटा लिया है। ऐसा माना जा रहा है कि पार्टी उन्हें लोकसभा चुनाव लड़ाने की तैयारी में है। उनके सरनेम 'मार्लेना' से उनके ईसाई होने का अहसास होता है, अल्पसंख्यक होने की वजह से चुनाव में नुकसान ना हो इसलिए उनका सरनेम हटाया गया है। पार्टी में इस तरह का ये पहला मौका नहीं है जब किसी नेता ने अपना सरनेम हटाया है, इससे पहले जंगपुरा से विधायक प्रवीण भी अपना सरनेम देशमुख अपने नाम से हटा चुके है।

2015 में जंगपुरा से आप के टिकट पर चुनाव लड़ रहे प्रवीण देशमुख ने अपने नाम से 'देशमुख' उपनाम हटाकर अपना नाम प्रवीण कुमार कर लिया था। बताया गया था कि देशमुख उपनाम महाराष्ट्र के लोग लगाते हैं और प्रवीण सिख बहुल इलाके से चुनाव लड़ रहे थे। ऐसे में उन्हें सरनेम से चुनाव में नुकसान के अंदेशे को देखते हुए पार्टी ने सरनेम बदलवा दिया।
आतिशी के सरनेम हटाने की खबर के बाद आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता आशुतोष ने बताया था कि 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्हें पार्टी ने नाम के साथ सरनेम लगाने पर जोर दिया था जबकि वो इसके खिलाफ थे। उन्होंने कहा कि जाति के वोटर्स को प्रभावित करने के लिए आशुतोष के नाम के साथ गुप्ता जोड़ा गया।
आतिशी की ओर से नाम में बदलाव किए जाने पर सूत्रों का कहना है कि उनको अपने नाम के आगे लगे मार्लेना को हटाने के लिए कहा गया था। दावा है कि बीजेपी ने उन्हें ईसाई कहकर निशाना बनाना शुरू कर दिया था। पार्टी को लग रहा था कि इससे चुनाव में नुकसान होगा, उन्हें सभी प्रचार अभियान सामग्री और सोशल मीडिया से अपना उपनाम हटाने को कहा गया।












Click it and Unblock the Notifications