BBC IT Survey: दूसरे दिन बीबीसी ऑफिस के बाहर हिंदू सेना का उग्र विरोध-प्रदर्शन, बढ़ाई गई सुरक्षा
बीबीसी दफ्तर में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का सर्वे दूसरे दिन भी हुआ। बीबीसी ऑफिस में जांच के बीच हिंदू सेना के दर्जनों कार्यकर्ता दफ्तर के बाहर प्रोटेस्ट करने पहुंचे।

BBC IT Survey लगातार दूसरे दिन भी हुआ। दूसरे दिन हिंदू सेना ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बीबीसी दफ्तर के बाहर उग्र विरोध प्रदर्शन किया। विरोध के मद्देनजर सरकार ने दफ्तर के बाहर सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश दिया। बुधवार को जैसे ही हिंदू सेना के प्रदर्शनकारियों ने बीबीसी कार्यालय का रुख किया, दफ्तर के बाहत तैनात पुलिस बलों ने बैनर और तख्तियां जब्त कर प्रदर्शनकारियों को काबू में किया।
प्रदर्शनकारी ब्रिटिश ब्रॉडकास्टर-बीबीसी के खिलाफ नारेबाजी करते भी सुने गए। इसके बाद बीबीसी दिल्ली कार्यालय के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के कई जवानों को बीबीसी कार्यालय के बाहर तैनात किया गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक हिंदू सेना के सदस्यों के एक समूह ने बुधवार को बीबीसी इंडिया के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। नई दिल्ली के कस्तूरबा गांधी रोड में बीबीसी कार्यालय के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के कई जवानों को एचटी हाउस के बाहर तैनात किया गया। इसी बिल्डिंग में बीबीसी इंडिया के कार्यालय हैं।

आयकर विभाग के अधिकारी दूसरे दिन भी सर्वेक्षण करने पहुंचे। इसी बीच हिंदू सेना के प्रदर्शनकारियों ने बीबीसी कार्यालय के बाहर 'बीबीसी भारत छोड़ो' के नारे लगाए। दिल्ली और मुंबई में बीबीसी के कई कार्यालयों में आयकर विभाग के दूसरे दिन के सर्वेक्षण अभियान पर इंडिया टुडे की रिपोर्ट में कहा गया, समझा जाता है कि अधिकारी संगठन के इलेक्ट्रॉनिक और पेपर-आधारित वित्तीय डेटा की प्रतियां बना रहे हैं।
गौरतलब है कि भारत में ब्रिटिश ब्रॉडकास्टर के खिलाफ कथित कर चोरी की जांच के तहत सर्वेक्षण किए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक टैक्स अधिकारी बीबीसी के वित्त और कुछ अन्य विभागों के कर्मचारियों से बात कर रहे हैं। इनकम टैक्स विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि ऑपरेशन के हिस्से के रूप में कुछ कंप्यूटर उपकरणों और मोबाइल फोन का क्लोन बनाया गया।
BBC IT Survey पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं
सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बीबीसी पर "जहरीली रिपोर्टिंग" का आरोप लगाया है। इसी बीच आयकर विभाग की कार्रवाई और टाइमिंग पर कई विपक्षी दलों ने सवाल खड़े किए हैं। विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया है कि बीबीसी पर कार्रवाई इसलिए हुई है क्योंकि इस संस्था ने कुछ हफ्तों पहले ही दो-भाग वाली डॉक्यूमेंट्री - "इंडिया: द मोदी क्वेश्चन" रिलीज की है। बता दें कि करीब 21 साल पहले 2002 में गुजरात में गोधरा दंगों के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली गुजरात सरकार की भूमिका पर प्रकाश डाला गया है।
Recommended Video
कांग्रेस ने आयकर सर्वेक्षण की निंदा की और पूछा कि ऐसे समय में जब देश जी-20 की मेजबानी कर रहा है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस तरह की कार्रवाइयों से भारत की क्या छवि पेश कर रहे हैं? कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, "लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को तोड़ना अब 'न्यू इंडिया' में एक आम बात हो गई है। मोदी जी ने 'स्टार्ट अप इंडिया' चलाने का वादा किया था, लेकिन 'अमृत काल' में यह 'शट अप इंडिया' बन गया है।"
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, तृणमूल कांग्रेस (TMC) सुप्रीमो ममता बनर्जी, जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती, शिवसेना सांसद संजय राउत सहित अन्य विपक्षी नेताओं ने भी बीबीसी दफ्तरों पर आयकर विभाग के सर्वे की आलोचना की है।












Click it and Unblock the Notifications