Chhattisgarh News: आपका मुख्यमंत्री आपके समाज का है, आपका भाई है… आप आगे बढ़ें, सरकार हर कदम पर साथ खड़ी है” – मुख्यमंत्री साय
बस्तर ओलंपिक 2025 के उद्घाटन में सात जिलों में युवाओं की व्यापक भागीदारी दिखाई गई, जिसमें नुवाबाट की उल्लेखनीय भागीदारी थी। इस कार्यक्रम में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और खेल और विकास को मुख्यधारा में लाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर दिया गया, जिसमें भविष्य की अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए पर्याप्त पुरस्कार प्रोत्साहन और बेहतर खेल बुनियादी ढांचा शामिल है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर ओलम्पिक 2025 की संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर कहा कि "आपका मुख्यमंत्री आपके समाज के बीच का है, आपका भाई है… आप आगे बढ़ें, सरकार हर कदम पर आपके साथ खड़ी है।" मुख्यमंत्री ने जगदलपुर के इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में बस्तर ओलम्पिक का विधिवत शुभारंभ किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। बस्तर के सातों जिलों तथा नुवाबाट के खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बस्तर के गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिसका परिणाम है कि बस्तर अब शांति, समरसता और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में युवा इस आयोजन में शामिल हुए हैं, जिससे यह एक ऐतिहासिक अवसर बन गया है। सबसे उल्लेखनीय यह कि नुवाबाट के प्रतिभागियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को एक विशिष्ट पहचान दी है।
उन्होंने कहा कि बेटियों और बहनों की बढ़ती भागीदारी यह दर्शाती है कि बस्तर में महिला सशक्तिकरण नई दिशा ले रहा है। सरकार बस्तर के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें विकास में सहभागी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर ओलम्पिक खेल प्रतियोगिता के विजेता आने वाले समय में रोल मॉडल बनेंगे। सरकार उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराकर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करेगी। अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक स्पर्धाओं में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतने पर क्रमशः तीन, दो और एक करोड़ रुपये की सम्मान निधि प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बस्तर ओलम्पिक केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को विकास की मुख्यधारा में जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बस्तर में खेल अधोसंरचना को और मजबूत किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह पहल बस्तर के युवाओं को आगे बढ़ाने का निर्णायक प्रयास है।
इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप और पद्मश्री एम. सी. मेरी कॉम ने भी उपस्थित होकर खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में संचालक खेल एवं युवा कल्याण तनुजा सलाम ने बताया कि प्रतियोगिता में बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बस्तर और नुवाबाट के करीब 3,500 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष प्रतिभागियों की संख्या दोगुने से अधिक हुई है—3,92,000 पंजीयन हुए हैं, जिनमें 2,27,000 से अधिक महिला खिलाड़ी शामिल हैं। यह बस्तर में परिवर्तन की नई बयार है।
कार्यक्रम की शुरुआत मशाल प्रज्ज्वलन और आतिशबाजी के साथ हुई। इसके बाद छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, राष्ट्रीय खिलाड़ी, वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।
बस्तर ओलम्पिक 2025 का शुभारंभ गरिमामय माहौल में हुआ। औपचारिक उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्रिमंडल के सदस्यों और पद्मश्री मेरी कॉम ने किया। हजारों दर्शकों की उपस्थिति में मुख्यमंत्री ने बस्तर ओलम्पिक की मशाल प्रज्ज्वलित की।
इसके बाद मशाल को सुकमा के पूवर्ती के खिलाड़ी विजय डोडी और नारायणपुर जिले के ओरछा ब्लॉक की सलोनी कवाची को सौंपा गया। दोनों ने उत्साह और ऊर्जा के साथ ग्राउंड की परिक्रमा कर मशाल को मुख्य प्रज्ज्वलन स्थल तक पहुंचाया। यह क्षण विशेष रूप से भावनात्मक रहा, क्योंकि माओवाद-प्रभावित क्षेत्रों के खिलाड़ी आत्मविश्वास के साथ हजारों दर्शकों के सामने दौड़ रहे थे।
संभाग भर के हजारों खिलाड़ियों और दर्शकों ने इस ऐतिहासिक क्षण का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इस भव्य उद्घाटन ने एक बार फिर सिद्ध किया कि बस्तर की माटी में असीम खेल प्रतिभाएं हैं, और राज्य सरकार तथा प्रशासन के प्रयास इन प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में मजबूत कदम हैं।












Click it and Unblock the Notifications