भोपाल की बरकतुल्लाह यूनिवर्सिटी देगी 'आदर्श बहू' की ट्रेनिंग, मिलेगा सार्टिफिकेट
भोपाल। अगर आप 'आदर्श बहू' पाने की इच्छा रखते हैं तो भोपाल की बरकतुल्लाह यूनिवर्सिटी आपकी इस काम में मदद कर सकती है। भोपाल स्थित बरकतुल्लाह यूनिवर्सिटी ने एक शॉर्ट टर्म कोर्स के जरिए आदर्श बहुएं तैयार करने का कोर्स शुरू किया है। इस कोर्स में लड़कियों को आदर्श बहू बनाना सिखाया जाएगा। यह तीन महीने का सर्टिफिकेट कोर्स अगले सत्र से शुरू होगा। विश्वविद्यालय का मानना है कि यह कोर्स महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

हमारा मकसद ऐसी दुल्हनें तैयार करना है जो परिवारों को जोड़कर रखें
टाइम्स ऑफ इंडिया के छपी मुताबिक के मुताबिक, यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डीसी गुप्ता ने इसकी पुष्टि की है। उनके मुताबिक, विश्वविद्यालय के तौर पर हमारी समाज के प्रति भी जिम्मेदारी बनती है। हमें यह भी देखना है कि हम सिर्फ अकादमिक गतिविधियों तक सीमित ना रह जाएं बल्कि समाज की बेहतरी में अपनी रचनात्मक भूमिका निभा सकें। इसीलिए यह कोर्स शुरू करने का फैसला किया गया है। हमारा मकसद ऐसी दुल्हनें तैयार करना है जो परिवारों को जोड़कर रखें।

ये कोर्स महिला सशक्तिकरण का ही हिस्सा है
वीसी ने बताया कि, इसके तहत छात्राओं को शादी के बाद ससुराल के नए वातावरण में तालमेल बनाने के तौर-तरीके सिखाए जाएंगे। ताकि वे परिवार को जोड़े रखने में अपनी भूमिका निभा सकें। यह सर्टिफिकेट कोर्स मनोविज्ञान, समाजशास्त्र और महिला शिक्षा विभाग में पायलट प्रॉजेक्ट की तरह शुरू किया जाएगा। उप कुलपति डॉ. गुप्ता ने कहा कि ये कोर्स महिला सशक्तिकरण का ही हिस्सा है। इस कोर्स के पाठ्यक्रम में समाजशास्त्र, मनोविज्ञान से जुड़े हुए कई विषय शामिल किए जाएंगे।

पहले बैच में तीस लड़कियों को मिलेगा प्रवेश
वीसी ने बताया कि, हमारा प्रमुख उद्देश्य यह है कि कोर्स पूरा करने के बाद लड़कियां परिवार के विभिन्न आयामों को समझने के लिए बेहतर स्थिति में हों। ये कोर्स समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में मददगार हो। पहले बैच में 30 छात्राओं को प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश के लिए पात्रता की शर्तों आदि पर विभागों में मंत्रणा चल रही है। इसके अलावा लड़कियों के परिजनों आदि से भी इन पर राय ली जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications