Chhattisgarh News; प्रधानमंत्री मोदी की हर गारंटी को पूरा कर रही है छत्तीसगढ़ सरकार — मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में 195.26 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की, जिसमें 1,073 पीएमएवाई (ग्रामीण) घर, महिलाओं के लिए 3,000 उज्ज्वला गैस कनेक्शन, 5,000 किसानों के लिए स्वामित्व भूमि रिकॉर्ड और प्रमुख सड़क, स्कूल और स्वास्थ्य सुविधा पहल शामिल हैं, जो राष्ट्रीय गारंटी की चल रही पूर्ति पर प्रकाश डालते हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम सुहेला में आयोजित कार्यक्रम में 195.26 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 1073 हितग्राहियों को आवास की चाबी, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 3000 महिलाओं को गैस कनेक्शन, स्वामित्व योजना के अंतर्गत 5000 किसानों को अधिकार अभिलेख और अन्य योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री व चेक वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का लक्ष्य हर घर तक पक्का मकान, शौचालय, स्वच्छ पेयजल और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ पहुँचाना है। इन उद्देश्यों को पूरा करने के लिए राज्य सरकार वचनबद्ध होकर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी की गारंटियों को एक-एक कर पूरा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी हो रही है। तेंदूपत्ता संग्रहण दर बढ़ाकर प्रति मानक बोरा 5,500 रुपये कर दी गई है। इसके साथ दो वर्ष का बकाया बोनस भी किसानों को प्रदान किया जा चुका है। महतारी वंदन और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का लाभ बड़ी संख्या में महिलाओं को मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने आग्रह किया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत अधिक से अधिक लोग सोलर पैनल लगाकर मुफ्त बिजली का लाभ उठाएँ।
मुख्यमंत्री ने जिले में चल रही ‘हम होंगे कामयाब’ पहल की सराहना की, जिसके तहत अब तक 500 से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण और लाभ मिला है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी संबोधन किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में राज्य तेजी से विकास कर रहा है। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने बताया कि बलौदाबाजार-भाटापारा में 100 करोड़ रुपये से अधिक की सड़कों को स्वीकृति मिली है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में सुहेला में नवीन महाविद्यालय, तिल्दा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, बलौदाबाजार में शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल भवन और नए व्यावसायिक परिसर निर्माण की घोषणा की। साथ ही जिले के 50 धान उपार्जन केंद्रों में 10-10 लाख रुपये से शेड निर्माण और सुहेला तिगड्डे में तीनों सड़कों पर एक-एक किलोमीटर डिवाइडर और लाइट लगाने की भी घोषणा की।
लोकार्पित कार्यों में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 12.87 करोड़ रुपये की लागत से बने 1073 आवास और 7.74 करोड़ रुपये की जल प्रदाय योजनाएँ शामिल हैं। भूमिपूजन कार्यों में बलौदाबाजार–रिसदा–हथबंद मार्ग मजबूतीकरण (49.17 करोड़), रिसदा बायपास (20.98 करोड़), इंडोर स्टेडियम कॉम्प्लेक्स (15.59 करोड़), प्रधानमंत्री आवास योजना के 717 आवास (8.60 करोड़) और सुंगेरा एनिकट (8.04 करोड़) शामिल हैं।
कार्यक्रम में 5 करोड़ रुपये से अधिक की हितग्राहीमूलक सामग्री और चेक वितरित किए गए। इसमें सायबर फ्रॉड राशि की 27 लाख रुपये वापसी, श्रम विभाग की योजनाओं में 83 लाख रुपये, 8333 छात्रों को 4.25 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति, महिला स्वसहायता समूहों को ‘सक्षम’ योजना तहत 25 लाख रुपये, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत 9.69 लाख रुपये और ‘हम होंगे कामयाब’ योजना तहत 6.81 लाख रुपये का वितरण शामिल रहा।
कार्यक्रम में बलौदाबाजार-भाटापारा जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, महिला आयोग की सदस्य लक्ष्मी वर्मा, जनपद अध्यक्ष सिमगा दौलत पाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications