Balasore हादसे के 51 घंटे बाद रेलवे ट्रैक बहाल, ट्रेनों का परिचालन भी शुरू होगा: स्पॉट पर मौजूद मंत्री वैष्णव
Balasore हादसे के 51 घंटे के भीतर ही प्रभावित रेलवे ट्रैक पर सेवाएं बहाल हो चुकी हैं। स्पॉट पर मौजूद मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि ट्रेनों का परिचालन भी शुरू होगा।

Balasore रेल हादसे में 270 से अधिक लोगों की मौत और 300 से अधिक लोगों के जख्मी होने के बाद आज एक्सिडेंट वाले स्पॉट पर रेलवे ट्रैक दोबारा बहाल कर दिए गए। मौके पर मौजूद रेल मंत्री वैष्णव ने कहा, ट्रेनों का परिचालन भी शुरू होगा।
बालासोर में रेलवे ट्रैक दोबारा बहाल करने पर समाचार एजेंसी ANI की रिपोर्ट के अनुसार, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव हादसे के बाद शुक्रवार-शनिवार की दरम्यामी रात बालासोर पहुंचे। वे लगातार हादसे वाली जगह पर कैंप कर रहे हैं।
रविवार रात करीब 11-15 बजे आई रिपोर्ट के अनुसार, वैष्णव की मौजूदगी में प्रभावित रेलवे ट्रैक पर एक मालगाड़ी को क्रॉस कराया गया। रेल मंत्री इस समय लोको पायलट का अभिवादन करने के अलावा आभार प्रकट करने के लिए दोनों हाथ जोड़ते दिखे।
इसके अलावा अश्विनी वैष्णव ने समाचार एजेंसी ANI से कहा कि दोनों रेलवे ट्रैक हादसे के 51 घंटे के भीतर दोबारा बहाल हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि गुड्स ट्रेन के सफल परिचालन ट्रायल के बाद अब पैसेंजर ट्रेन की सेवाएं भी बहाल हो जाएंगी।
रविवार देर रात रेलवे पटरी के किनारे पर मौजूद रेल मंत्री समेत शीर्ष अधिकारी ट्रैक बहाल होने और ट्रेनों के दोबारा संचालन की जानकारी लेते रहे। ग्राउंड जीरो पर रेल मंत्री 45 घंटे से अधिक समय से मौजूद हैं।
बता दें कि शुक्रवार शाम करीब 6-50 बजे पश्चिम बंगाल से तमिलनाडु जा रही शालीमार चेन्नई कोरोमंडल एक्सप्रेस के बेपटरी होने की खबर सामने आई। थोड़ी देर में इसी जगह पर बेंगलुरु से पश्चिम बंगाल जाने वाली यशवंतपुर हावड़ा एक्सप्रेस के डिब्बे भी बेपटरी हो गए।
इन दो ट्रेनों में मालगाड़ी भी टकराई, जिससे हादसा और भयानक हो गया। तीन ट्रेनों की टक्कर से हुए हादसे में 270 से अधिक लोगों की मौत हुई। 300 से अधिक लोग अस्पताल में इलाज करा रहे हैं।
बालासोर रेल हादसे में मृतकों के परिजनों को रेलवे की तरफ से 10 लाख रुपये जबकि पीएम राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये की मदद का ऐलान किया गया है। इसके अलावा घायलों को भी आर्थिक मदद दी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications