फिल्म The Creator Srijanhar के विरोध में उतरा बजरंग दल, जानिए क्या है पूरा विवाद
फिल्म The Creator Srijanhar की रिलीज से पहले इसको लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बजरंग दल ने फिल्म का विरोध करना शुरू कर दिया है। बजरंग दल ने आरोप लगाया है कि यह फिल्म लव जिहाद को बढ़ावा देती है।

The Creator Srijanhar: फिल्म द क्रिएटर-सृजनहार को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। फिल्म का बजरंग दल विरोध कर रहा है। गुजरात में फिल्म के खिलाफ बजरंग दल के सदस्यों ने प्रदर्शन किया और पीवीआर सिनेमा हॉल के बाहर जमकर नारेबाजी की। बजरंग दल का आरोप है कि फिल्म लव जिहाद को बढ़ावा देती है।
क्या है विवाद
गौर करने वाली बात है कि फिल्म को 26 मई को सिनेमा हॉल में रिलीज किया जाएगा। इसे देशभर के 250 से अधिक सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। लेकिन फिल्म की रिलीज से पहले ही बजरंग दल ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया है। बजरंग दल का कहना है कि यह फिल्म लव जिहाद को बढ़ावा देती है।
निर्माता ने दी सफाई
वहीं फिल्म के विरोध के बीच फिल्म के निर्माता ने इसका बचाव किया है। फिल्म के प्रोड्यूसर कराटे गुरुजी ने कहा कि हमने फिल्म के भीतर यह दिखाने की कोशिश की है कि दुनिया बदल सकती है, मैं किसी धमकी से नहीं डरता हूं। आखिर धर्म की रक्षा के लिए आप किसी को मारते क्यों हैं, मजहब को मारिए और इंसान को बचाइए, क्या आप अपना परिवार खोना चाहते हैं।
लव जिहाद को बढ़ावा नहीं दिया गया
कराटे गुरुजी ने कहा कि यह बिल्कुल आप पर निर्भर करता है कि आप किस मजहब में रहना चाहते हैं, मैं कौन होता है यह बताने वाला कि आपको किस मजहब में रहना चाहिए। यह बहुत ही अच्छा मैसेज है। हम लोगों ने जो बात दिखाई है उसे देखकर ऐसा लग रहा है कि मुसलमान लड़का हिंदू लड़की से प्यार करता है।
दुनिया बदल सकती है
लेकिन हमने यह भी दिखाया है कि एक हिंदू लड़का मुस्लिम लड़की से प्यार करता है। वहीं सिख लड़के की कहानी को भी दिखाया गया है। एक मैसेज के साथ हमने यह फिल्म बनाई है। हमने दिखाने की कोशिश की है कि दुनिया बदल सकती है, इसमे कुछ सीक्रेट दिखाया है, वह नहीं बताऊंगा।
मैं किसी से डरता नहीं
दुनिया बदलने के लिए क्या हो सकता है, इसके लिए यह फिल्म जरूर देखिए। मैं किसी से डरता नहीं हूं, मैं उनका स्वागत करता हूं जो विरोध कर रहे हैं। वो लोग अपने मजहब से प्यार करते हैं। इस दुनिया में मजहब नहीं है, मजहब को खत्म करना ही मेरा लक्ष्य है। दुनिया के अंदर शांति, अमन प्यार होना चाहिए।
मजहब को मार दो, इंसान को बचा लो
लोगों को मजहब के नाम पर हिंसा नहीं करनी चाहिए। मजहब को ही मार दो इंसान को बचा लो, यही संदेश है। लोगों को ऐसा लग रहा है कि नास्तिक को बढ़ावा दिया जा रहा है जो गलत है।
फिल्म के मुख्य किरदार
बता दें कि इस फिल्म में मुख्य किरदार आर्य बब्बर, रजा मुराद, दयानंद शेट्टी निभा रहे हैं। दयानंद शेट्टी वही एक्टर हैं जो सीआईडी सीरियल में दया का किरदार निभाते हैं। फिल्म को प्रवीण हिंगोनिया ने लिखा है और इसका निर्देशन किया है। फिल्म के निर्माता राजेश कराटे गुरुजी हैं, जिनका मानना है कि दुनिया की सीमाओं को खत्म करके इसे बचाया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications