कंगना की फिल्म को फ्लॉप कहने के बाद बागी-3 के डायरेक्टर ने मांगी माफी, रंगोली ने किया पलटवार
मुंबई। फिल्मनिर्माता अहमद खान ने कंगना रनौत की फिल्म 'मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी' को फ्लॉप कहने के बाद कंगना की तारीफ की है। उन्होंने इससे पहले एक इंटरव्यू में कहा था कि 'मणिकर्णिका' को बड़े स्केल पर बनाया गया लेकिन पैसा डूब गया और फिल्मनिर्माताओं को काफी नुकसान हुआ है। अब उन्होंने एक अन्य इंटरव्यू में कंगना की तारीफ करते हुए उन्हें बॉलीवुड का हीरो बताया है, साथ ही कंगना के साथ फिल्म बनाने की इच्छा भी जाहिर की है।

'कंगना एक फीमेल बागी हैं'
उन्होंने अब कहा है, 'कंगना एक फीमेल बागी हैं, बॉलीवुड की हीरो और एक अकेली ऐसी लड़की जो एक्शन फिल्म कर सकती हैं। मुझे सच में धाकड़ का टीजर अच्छा लगा और उसे देखते वक्त रोंगटे खड़े हो गए। वो प्रतिभाशाली और पावरफुल एक्टर हैं। अगर वो मेरी स्क्रिप्ट को पसंद करती हैं तो मैं जरूर उनके साथ काम करना चाहूंगा।'

रंगोली चंदेल की प्रतिक्रिया भी आई
इस मामले में कंगना की बहन रंगोली चंदेल की प्रतिक्रिया भी आई है। रंगोली ने एक के बाद एक ट्वीट कर अहमद खान को खूब लताड़ लगाई। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, 'एक नाकामियाब फिल्ममेकर अहमद खान जिसने एक अच्छी फिल्म नहीं बनाई, वो मणिकर्णिका से इतनी जलन क्यों रखता है, वो फिल्म जिसने जापान में सारे रिकॉर्ड तोड़े, भारत में बड़ी हिट रही। खुद को फिल्म बनानी आती नहीं है।' एक अन्य ट्वीट में रंगोली ने बताया कि अहमद खान ने कंगना से माफी भी मांगी है।

'थलाइवी भी बन रही है'
रंगोली ने ट्वीट में कहा, 'थलाइवी भी बन रही है, तेजस भी बन रही है और सभी का बजट मणिकर्णिका से बड़ा है। क्योंकि अकेली कंगना की फिल्म 100 करोड़ से ऊपर कमा सकती हैं। लेकिन तू कभी जीवन में फिल्म बना पाएगा, कचरा बागी बनाने के बाद.... मुझे नहीं लगता.. मेरा ओपन चैलेंज है इस इंडस्ट्री के लिए कि आज के समय में कोई भी लड़की कंगना के अलावा अकेले किसी 60-70-80-100 करोड़ बजट वाली फिल्म कर सकती है। अगर आप मुझे कोई सही नाम बता देंगे तो कंगना एक्टिंग करना छोड़ देगी।'

'अहमद खान भी लाइन पर आ गए'
अहमद खान के कंगना की तारीफ करने के बाद रंगोली ने कहा, 'ये देखो अहमद खान भी लाइन पर आ गए, माफी मांगी और कंगना को फिल्म इंडस्ट्री का सबसे बड़ा बागी कहा, धाकड़ की तारीफ और सब, सब बयाज के साथ वसूल हो गया... सोच कर भी डर लगता है अगर मणिकर्णिका इतनी सफल ना होती तो ये बॉलीवुड के गिद्ध क्या करते कंगना के साथ।'












Click it and Unblock the Notifications