दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, इन शर्तों के साथ 24 घंटे खुलेगी आजादपुर मंडी
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए देशभर में लॉकडाउन लागू है। इसी बीच सोमवार को दिल्ली सरकार ने एक अहम फैसला लिया है। दिल्लीवासियों के लिए एक राहत वाली खबर है। दिल्ली स्थित एशिया की सबसे बड़ी फल-सब्जी मंडी अब 24 घंटे खुलेगी। हालांकि लॉकडाउन के कारण इसके टाइमिंग में पहले बदलाव किया गया था। मंडी को यह दो टाइम स्लॉट में खोलने का निर्णय लिया गया है।

कोरोना के कारण लगातार व्यापार में हो रहे घाटे और किसानों की खराब हो रही आर्थिक स्थिति को देखते हुए दिल्ली सरकार ने ये फैसला लिया है। सरकार ने मंडी खोलने के लिए नियम व शर्तें बनाई हुई हैं। आजादपुर मंडी कल से यानी मंगलवार से 24 घंटे खुली रहेगी। सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक, सब्जियां और फल बेचे जाएंगे, जबकि रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक बाजार में ट्रकों के आवाजाही की अनुमति होगी। साथ ही मास्क पहने बगैर किसी की एंट्री नहीं होगी और न ही मंडी में काम करने वाले लोग बिना मास्क के रहेंगे। गोपाल राय ने बताया कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो रहा है कि नहीं, इस पर नजर रखने के लिए कैमरा से निगरानी की जाएगी।
मंडी में अनावश्यक भीड़-भाड़ रोकने के लिए टोकन सिस्टम की शुरुआत की जा रही है। मंडी में हर 4 घंटे में 1000 लोगों के प्रवेश की अनुमति होगी। मंडी में सुबह एक हजार टोकन बांटे जाएंगे। इन टोकन को लिए हुए व्यापारी ही मंडी में व्यापार करेंगे। इसके तीन घंटे के बाद दोबारा एक हजार टोकन अन्य व्यापारियों को दिए जाएंगे। इसी प्रकार हर तीन घंटे के बाद एक-एक हजार टोकन दिए जाएंगे जबकि अपना काम खत्म कर चुके व्यापारी अपना टोकन जमा कराते रहेंगे, जिसे बाद में दूसरे व्यापारियों को दिया जाएगा।
शेड के अंदर ऑड-ईवन का सिस्टम जारी रहेगा यानी 1 दिन जिस शेड के अंदर काम हो रहा है अगले दिन वह बंद रहेगा और 1 दिन जिस शेड में काम नहीं हुआ अगले दिन वहां पर काम होगा। जो भी दुकानदार सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करवाता हुआ नहीं पाया जाएगा उस पर कार्रवाई की जाएगी। मंडी प्रशासन सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी करेगा। आजादपुर मंडी में कामकाज के दौरान कोरोना वायरस के संक्रमण रोकने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग और आने-जाने वालों को सैनेटाइज करने का काम जारी रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications