JNU विवाद के बीच आयुष्मान खुराना की कविता वायरल, लिखा- 'यही भारत का लोकतंत्र....'
नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में रविवार को नकाबपोशों ने छात्रों पर हमला कर दिया था। जिसके बाद से इस घटना की हर ओर निंदा की जा रही है। देश के कई हिस्सों में इस घटना के विरोध में प्रदर्शन हुए हैं। बॉलीवुड हस्तियों ने भी हिंसा पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। ट्विंकल खन्ना, राजकुमार राव, कृति सेनन और अनुभव सिन्हा जैसे कई बड़े सितारों ने घटने की निंदा की है।

आयुष्मान खुराना की कविता-
ऐसे में अब अभिनेता आयुष्मान खुराना ने खास अंदाज में मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। आयुष्मान खुराना ने एक कविता ट्वीट की है, जो अब काफी वायरल हो रही है। ये कविता है-
इंसानियत से बड़ा कुछ नहीं
धर्म नहीं, सियासत नहीं.
धन नहीं, विरासत नहीं.
किसी की हो सोच नई,
हो अलग तो अलग सही,
पर तुझे उस सोच को नोचने का हक़ नहीं,
यही भारत का लोकतंत्र है,
और इसमें किसी को शक़ नहीं।
-आयुष्मान
फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स ने जेएनयू विवाद से जोड़ा
हालांकि आयुष्मान ने अपनी इस कविता में कहीं पर भी जेएनयू विवाद का जिक्र नहीं किया है। लेकिन उनके फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स इसे जेएनयू विवाद से जोड़कर ही देख रहे हैं। इसके पीछे का एक कारण ये भी हो सकता है कि आयुष्मान ने ये कविता ऐसे समय पर ट्वीट की है, जब हर ओर जेएनयू मामले की चर्चा हो रही है।

शानदार कविताएं लिखते हैं आयुष्मान
बता दें आयुष्मान को हाल ही में फिल्म अंधाधुंध के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का नेशनल अवार्ड मिला है। फिलहाल वह अपनी पत्नी के साथ छुट्टियां मना रहे हैं। आयुष्मान समय समय पर अपनी कविता पोस्ट करते रहते हैं। वह शानदार कविताएं लिखते हैं।












Click it and Unblock the Notifications