Ayodhya Ram Temple: राम लला की नई प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद पहली मूर्ति कहां रहेगी? जानिए
Ayodhya Ram Temple inauguration: सोमवार को भगवान राम लला के प्राण प्रतिष्ठा के बाद उनकी पुरानी प्रतिमा भी उनके सामने में ही रखी जाएगी।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि के हवाले से न्यूज एजेंसी पीटीआई ने यह रिपोर्ट दी है। कई श्रद्धालुओं के मन में यह प्रश्न उठता रहा है कि राम लला की जिस प्रतिमा की सोमवार को प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है, उसके बाद मूल मूर्ति को कहां स्थापित किया जाना है।

राम लला की नई प्रतिमा के सामने ही रहेगी मूल मूर्ति- राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्याक्ष
गोविंद देव गिरि ने कहा है, 'यह (राम लला की मूल प्रतिमा) राम लला के सामने स्थापित की जाएगी। मूल मूर्ति बहुत ही महत्वपूर्ण है। यह 5 से 6 इंच ऊंची है और 25 से 30 फीट की दूरी से नहीं दिखाई दे सकती। इसी वजह से हमें बड़ी प्रतिमा की आवश्यकता थी।'
अरुण योगीराज की बनाई प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा के लिए चुनी गई
पिछले हफ्ते ही पवित्र राम जन्मभूमि के नव-निर्मित मंदिर के गर्भगृह में राम लला की 51 इंच ऊंची नई मूर्ति स्थापित की गई है। राम लला की तीन मूर्तियां बनाई गई थीं। इनमें से मैसूर के मूर्तिकार अरुण योगीराज की बनाई एक मूर्ति को 'प्राण प्रतिष्ठा' के लिए चुना गया है।
उन्होंने बताया, 'हम उन्हें (मूर्तियों को) पूरे सम्मान और आदर के साथ मंदिर में स्थापित करेंगे। एक प्रतिमा हमारे पास रहेगी, क्योंकि हमें प्रभु श्रीराम के कपड़े और आभूषणों को मापने के लिए इसकी आवश्यकता पड़ेगी।'
सभी प्रतिमाएं बहुत ही सुंदर हैं- राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्याक्ष
मूर्तिकार अरुण योगी राज्य की बनाई प्रतिमा को चुनने के बारे में उन्होंने कहा है कि 'हमारे लिए तीन प्रतिमाओं में से एक को चुनना बहुत ही कठिन था। वे सभी बहुत ही सुंदर हैं और सभी ने हमारी ओर से दिए गए मानदंडों का पालन किया है।'
क्या थी राम लला की प्रतिमा चुने जाने की कसौटी?
उन्होंने बताया, 'पहली कसौटी तो ये थी कि चेहरा बालक की तरह और दिव्य तेज वाला होना चाहिए....। भगवान राम 'अजानबाहु' थे। इसलिए भुजाएं उतनी ही लंबाई की होनी चाहिए।'
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष के मुताबिक प्राण प्रतिष्ठा के लिए जिसे चुना गया, वह 'हृष्ट-पुष्ट था और उसका व्यक्तित्व आकर्षक था। अंग सही अनुपात में थे।
राम मंदिर के निर्माण पर अबतक हुए 1,100 करोड़ रुपए से अधिक खर्च-कोषाध्याक्ष
ट्रस्ट के अधिकारी के अनुसार अभी तक राम मंदिर के निर्माण पर 1,100 करोड़ रुपए से अधिक खर्च हो चुके हैं। काम पूरा करने के लिए अभी 300 करोड़ रुपए के लगभग और लग सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications