जिगाना पिस्टल: जिससे हुआ अतीक का कत्ल, उसकी कीमत लाखों में, सिद्धू मूसेवाला केस से क्या कनेक्शन?
Zigana made pistol: जिस पिस्टल के इस्तेमाल से अतीक-अशरफ पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, इसका निर्माण तुर्की में होता है। जिगाना मेड पिस्टल को भारत में अवैध तरीके से लाया जाता है।

Atiq Ahmad killed by Zigana pistol: मीडियाकर्मियों को बयान दे रहे अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ पर ताबड़तोड़ गोलियां चलीं, तो अफरातफरी मच गई। पूरे इलाके में हड़कंप सा मच गया। अब मामले में एक से बढ़कर एक खुलासे हो रहे हैं।
गैंगस्टर को उतारा मौत के घाट
पहले अतीक अहमद के हत्यारों को लेकर कई खुलासे हुए। एक हत्यारा लवलेश तिवारी जमकर सुर्खियों में रहा। उसकी फेसबुक प्रोफाइल से लेकर घरवालों के बयान तक चर्चा में हैं। अब उस पिस्टल की बात करते हैं, जिससे अतीक और उसके भाई को मौत के घाट उतारा गया।
चर्चा में जिगाना मेड पिस्टल
सूत्रों की मानें, तो अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या में जिस पिस्टल का इस्तेमाल किया गया था, वो जिगाना मेड पिस्टल है। इस पिस्टल का निर्माण तुर्की में होता है। माना जा रहा है कि ये पिस्टल ड्रोन द्वारा पाकिस्तान से भारत लाई जाती है।
जिगाना का सिद्धू मूसेवाला कनेक्शन
बताते चलें कि मशहूर दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के हत्याकांड में भी जिगाना मेड पिस्टल का इस्तेमाल किया गया था। और ये पिस्टल क्रॉस बॉर्डर से लाई गई थी। यही जिगाना पिस्टल थी, जिसका इस्तेमाल कर शूटर्स ने सिद्धू मूसेवाला पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी।
पत्रकार बनकर पहुंचे हत्यारे
बताते चलें कि अतीक अहमद की हत्या के आरोपी घटनास्थल पर पत्रकार बनकर पहुंचे थे। जैसे ही अतीक और अशरफ ने मीडिया वालों के सवालों का जवाब देना शुरू किया, वैसे ही दोनों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी गई। अतीक-अशरफ पर गोलियां बरसाने वाले आरोपियों की पहचान अरुण मौर्या, लवलेश तिवारी और रोहित के रूप में हुई है।
भारत में अवैध ये पिस्टल
बताते चलें कि जिस जिगाना मेड पिस्टल का इस्तेमाल अतीक-अशरफ को मारने में किया गया है, वो भारत में अवैध तरीके से लाई जाती है। तुर्की मेड इस पिस्टल की कीमत तकरीबन 4 लाख रुपये होती है और इससे 15 राउंड से भी ज्यादा फायरिंग की जा सकती है।
प्रदेश में मचा हड़कंप
अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की मौत के बाद से प्रयागराज समेत पूरे उत्तरप्रदेश में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद राज्य के सभी जिलों में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिसबल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही प्रयागराज में इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications