MP News: अटल प्रोग्रेस-वे परियोजना से चंबल क्षेत्र के विकास को मिलेगी गति: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में सुधार के लिए अटल प्रोग्रेस वे की घोषणा की, जो मुरैना, श्योपुर और भिंड को प्रमुख राजमार्गों से जोड़ेगा। यह मार्ग दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेसवे और आगरा-लुधियाना राजमार्ग से जुड़ने, बाघ पर्यटन को बढ़ाने और औद्योगिक और पर्यटन विकास को गति देने के लिए डिज़ाइन किया गया है, जबकि सहमति से भूमि अधिग्रहण को प्राथमिकता दी गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि क्षेत्रीय विकास में सड़कों की अहम भूमिका होती है और अटल प्रोग्रेस-वे परियोजना से प्रदेश के चंबल क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। इस मार्ग के माध्यम से मुरैना, श्योपुर और भिंड जिले राजस्थान से निकल रहे दिल्ली–वडोदरा एक्सप्रेस-वे और उत्तर प्रदेश के आगरा–लखनऊ हाईवे से जुड़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से कोटा, मुंबई, कानपुर, लखनऊ, आगरा और दिल्ली जैसे प्रमुख शहरों से कनेक्टिविटी बेहतर होगी, जिससे यात्रा का समय कम होगा। इसके परिणामस्वरूप क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों, व्यापार-व्यवसाय, पर्यटन और आवागमन को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों और क्षेत्रीय निवासियों की सहमति और संतुष्टि के अनुरूप भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर परियोजना को शीघ्र पूर्ण किया जाए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अटल प्रोग्रेस-वे परियोजना को लेकर मुख्यमंत्री निवास में आयोजित बैठक में यह दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेंच राष्ट्रीय उद्यान, कान्हा टाइगर रिजर्व, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व और पन्ना राष्ट्रीय उद्यान को जोड़ने वाले मार्ग को टाइगर टूरिज्म कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 625 किलोमीटर लंबे इस मार्ग से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप वाइल्ड लाइफ टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। बैठक में अटल एक्सप्रेस-वे के प्रस्तावित दो प्लान का तुलनात्मक प्रस्तुतीकरण भी किया गया। बैठक में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल और प्रमुख सचिव लोक निर्माण सुखबीर सिंह उपस्थित रहे।












Click it and Unblock the Notifications