उत्तर प्रदेश के सभी नगर निकायों में वाजपेयी के नाम पर बनेगा 'अटल गौरव पथ'
उत्तर प्रदेश की हर नगर निकाय में होगी वाजपेयी के नाम पर सड़क
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सूबे के सभी नगर निकायों में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर सड़क की घोषणा की है। आदित्यनाथ ने कहा है कि हर नगर निकाय में एक अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर 'अटल गौरव पथ' नाम से एक सड़क बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि ये सड़क सुंदर और चौड़ी बनाई जाएगी। साथ ही इसके सौंदर्यीकरण के लिए विशेष काम किया जाएगा। इस सड़क पर आधुनिक किस्म की लाइटें और दूसरी सुविधाएं भी होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पथ इस तरह विकसित किये जाएं कि उन पर प्रत्येक नगरवासी को गौरव की अनुभूति हो। सीएम आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ के शास्त्री भवन में 'नमामि गंगे' परियोजना, अमृत योजना और स्मार्ट सिटी मिशन परियोजनाओं के तहत होने वाले कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे।
इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रयाग कुम्भ-2019 के दौरान 15 जनवरी से चार मार्च तक ना सिर्फ श्रद्धालु, बल्कि बड़ी संख्या में पर्यटक भी आएंगे। इसलिए संगम क्षेत्र में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति में कुंभ पर्व के प्रति सहज श्रद्धा उत्पन्न हो जाए।
योगी ने कहा कि नगर विकास एवं सिंचाई विभाग इस बात को सुनिश्चित करें कि कि कुम्भ के दौरान गंगा में पर्याप्त मात्रा में जल उपलब्ध रहे और प्रवाह भी अच्छा हो। उन्होंने कहा 15 दिसम्बर, 2018 के बाद कोई भी गंदा नाला और औद्योगिक कचरा किसी भी सूरत में गंगा में ना गिरे।












Click it and Unblock the Notifications