चेन्नई: चेपक स्टेडियम में क्रिकेट की दीवानगी के आगे कोरोना गाइडलाइन की उड़ी धज्जियां
चेन्नई। भारतीय टीम ने दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड को 317 रनों से मात दी है। चेन्नई के चेपक स्टेडियम में यह भारत की कुल 15वीं टेस्ट जीत है। पिछले दो दशक में इस मैदान पर यह भारतीय टीम की छठी टेस्ट जीत है। चेपक स्टेडियम में इस मैच के दौरान भारतीय दर्शकों में एक अलग ही दीवानगी देखी गई। लेकिन जो सबसे चौंकाने वाली बात थी वो ये कि इस दीवानगी ने जिंदगी को ताख पर रख दिया। जी हां मैच के दौरान कोरोना वायरस गाइडलाइन की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। मैदान में ऐसी कई चीजें देखी गईं जिसकी अनुमति नहीं है। महिलाएं, बच्चे और पुरुष बिना फेस मास्क के स्टेडियम में मौजूद थे।

स्टेडियम प्रबंधन ने कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए क्षमता का केवल 50 प्रतिशत यानी कि 1500 सीटें बुक करने का फैसला लिया था। प्रबंधन का ये मानना था कि हर सीट के बाद एक सीट खाली होगी जिससे सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जा सकेगा। हुआ भी ऐसा ही लेकिन टेस्ट मैच के दूसरे दिन हर नियम कानूनों को मजाक में उड़ा दिया गया। मीडिया स्टैंड के पास कुछ लोग मास्क में दिखे लेकिन उसके अलावा हर जगह लोग बिना सैनेटाइजर हर चीज को छूते नजर आए। हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के मुताबिक जब वहां मौजूद लोगों से कोरोना गाइडलाइन और मास्क के बारे में पूछा गया तो वो मुंह घुमा के चलते बने।
आपको बता दें कि WHO की गाइडलाइंस में साफ तौर बताया गया है कि ये कोरोना वायरस संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से फैलता है। अगर किसी व्यक्ति को कोरोना है और वो छींकता है या मुंह या नाक से किसी भी तरह की डॉपलेट्स निकलती हैं और उनके संपर्क में कोई दूसरा व्यक्ति आ जाता है तो ये कोरोना होने का कारण बन सकता है। इसके अलावा WHO की तरफ से ये भी कहा गया है कि अगर किसी सतह पर वायरस है तो उसके संपर्क में आकर भी कोरोना हो सकता है। साथ ही संक्रमित व्यक्ति की आंख, नाक या मुंह टच करने से भी कोरोना वायरस फैलता है।












Click it and Unblock the Notifications