पांच राज्यों में हार ही नहीं, कांग्रेस को पंजाब-उत्तराखंड में लगा ये डबल झटका
पांच राज्यों में हार ही नहीं, कांग्रेस को पंजाब-उत्तराखंड में लगा ये डबल झटका
नई दिल्ली, 10 मार्च: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव, पंजाब विधानसभा चुनाव, मणिपुर चुनाव, उत्तराखंड चुनाव और गोवा विधानसभा चुनाव 2022 के नतीजे लगभग साफ हो गए हैं। किस राज्य में कौन सी पार्टी सत्ता बनाने जा रही या फिर से सत्ता में वापसी कर रही है, ये तय हो गया है। इन पांचों राज्यों के चुनावी नतीजों से सबसे अधिक झटका भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (कांग्रेस पार्टी) को लगा है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर इन किसी भी राज्यों में कांग्रेस की सरकार नहीं बनने वाली है। पंजाब और उत्तराखंड में तो कांग्रेस को डबल झटका लगा है। आइए जानें कैसे?

पंजाब और उत्तराखंड में कांग्रेस को डबल झटका
पांच राज्यों में चुनाव हारने वाली कांग्रेस पार्टी को पंजाब और उत्तराखंड डबल झटका लगा है। पंजाब में कांग्रेस के मौजूदा सीएम और सीएम उम्मीदवार चरणजीत सिंह चन्नी चुनाव हार गए हैं। चरणजीत सिंह चन्नी एक नहीं बल्कि दो-दो सीटों चमकौर साहिब और भदौड़ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे थे लेकिन वो दोनों सीटों पर हार गए हैं। चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब के पहले दलित सीएम थे। चमकौर साहिब से तीसरी बार विधायक बने चन्नी कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार में मंत्री थे।
चमकौर साहिब विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार चरणजीत सिंह जीते हैं। वहीं भदौड़ विधानसभा सीट से भी आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार लाभ सिंह उगोके जीते हैं।

उत्तराखंड के कांग्रेस CM फेस भी हार गए चुनाव
उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी ने हालांकि अधिकारिक तौर मुख्यमंत्री पद के दावेदार के नाम की घोषणा नहीं की थी लेकिन कथित तौर पर कहा जा रहा था कि कांग्रेस के दिग्गज नेता हरीश रावत ही पार्टी के सीएम फेस हैं। उत्तराखंड चुनाव 2022 में हरीश रावत कांग्रेस की टिकट पर लालकुआं विधानसभा सीट से चुनाव लड़ थे लेकिन वो हार गए हैं। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भाजपा के डॉ मोहन सिंह बिष्ट से हार गए हैं।

हरीश रावत ने चुनाव हारने के बाद कही ये बात
हरीश रावत ने अपनी हार के बाद ट्विटर कर कहा, ''लालकुआं विधानसभा क्षेत्र से मेरी चुनावी पराजय की औपचारिक घोषणा ही बाकी है। मैं लालकुआं क्षेत्र के लोगों से जिनमें बिंदुखत्ता, बरेली रोड के सभी क्षेत्र सम्मिलित हैं, क्षमा चाहता हूं कि मैं उनका विश्वास अर्जित नहीं कर पाया और जो चुनावी वादे उनसे मैंने किए, उनको पूरा करने का मैंने अवसर गवा दिया है। उन्होंने मुझसे श्रेष्ठ उम्मीदवार को अपना प्रतिनिधि चुना है उनको और उनके द्वारा चयनित उम्मीदवार को मेरी ओर से बहुत-बहुत बधाई और आगे के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं।''

इन तीन राज्यों में कांग्रेस निभाएगी विपक्ष की भूमिका
उत्तराखंड, पंजाब और गोवा इन तीनों राज्यों में कांग्रेस विपक्षी पार्टी की भूमिका में दिखाई देगी लेकिन उत्तर प्रदेश में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस नहीं बल्कि समाजवादी पार्टी है। उत्तर प्रदेश, गोवा, मणिपुर, और उत्तराखंड में भाजाप सरकार बनाने जा रही है। वहीं पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) पहली बार सत्ता में आ रही है।

नवजोत सिंह सिद्धू भी हारे चुनाव
पंजाब कांगेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू विधानसभा सीट अमृतसर पूर्व से चुनावी मैदान में थे लेकिन वो भी अपनी ये सीट हार चुके हैं। आप की प्रत्याशी जीवन ज्योत कौर ने नवजोत सिंह सिद्धू को हराया है। नवजोत ने हार के ट्वीट किया और कहा कि वह विनम्रतापूर्वक जनादेश को स्वीकार करते हैं।
नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्वीट कर कहा, ''जनता की आवाज भगवान की आवाज है.... पंजाब के लोगों के जनादेश को विनम्रतापूर्वक स्वीकार करता हूं।.... आप को बधाई !!!''












Click it and Unblock the Notifications