Assam Mala Project: ₹3000 करोड़ से तैयार हो रहे इकोनॉमिक कॉरिडोर से बदलेगी तस्वीर, होंगी ये खास बातें
Assam Mala Project: असम में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य सरकार ने 'असम माला 3.0' के तहत 1,000 किलोमीटर लंबे हाई-स्पीड इकोनॉमिक कॉरिडोर के निर्माण की शुरुआत कर दी है। यह परियोजना राज्य के विकास को नई गति देने वाली सबसे महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक मानी जा रही है।
इस कॉरिडोर का मुख्य उद्देश्य असम के ग्रामीण उत्पादन केंद्रों-जैसे चाय बागान और कृषि क्षेत्रों-को बड़े औद्योगिक हब और राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ना है। बेहतर कनेक्टिविटी के जरिए न केवल माल ढुलाई की लागत कम होगी, बल्कि समय की भी बड़ी बचत होगी। इससे स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों तक तेजी से पहुंचाने में मदद मिलेगी।

Assam Mala Project: 3,000 करोड़ से तैयार होगा प्रोजेक्ट
- इस परियोजना के लिए ₹3,000 करोड़ का बजट निर्धारित किया गया है। इसके अलावा, 'असम माला 3.0' के तहत राज्य के 34 जिलों में सड़क नेटवर्क को अपग्रेड करने के लिए ₹1,500 करोड़ के अतिरिक्त निवेश का भी प्रावधान किया गया है।
- सरकार का लक्ष्य है कि पूरे राज्य में सड़क कनेक्टिविटी को आधुनिक और मजबूत बनाया जाए। यह हाई-स्पीड कॉरिडोर ऊपरी और निचले असम के बीच एक एक्सप्रेस लिंक की तरह काम करेगा।
- वर्तमान में इन क्षेत्रों में संकरी सड़कों और भारी ट्रैफिक के कारण ट्रकों की आवाजाही धीमी रहती है, लेकिन इस नए कॉरिडोर के बनने के बाद यातायात सुगम और तेज हो जाएगा।
Assam Economic Corridor: बिटुमिनस कंक्रीट तकनीक से होगा तैयार
परियोजना की खास बात इसका मजबूत डिजाइन है। इसे भारी वाणिज्यिक वाहनों के दबाव को झेलने के लिए 'बिटुमिनस कंक्रीट' तकनीक से बनाया जा रहा है। साथ ही, सड़क पर डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम और स्मार्ट साइनेज लगाए जाएंगे, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है। 13 मार्च 2026 को भूमि पूजन के साथ इस परियोजना की औपचारिक शुरुआत हो चुकी है। निर्माण कार्य को चरणों में पूरा किया जाएगा और अगले 2 से 3 वर्षों में इसके प्रमुख हिस्सों को चालू करने का लक्ष्य रखा गया है।
Assam News: असम में बनेंगे रोजगार के अवसर
सरकार का मानना है कि इस इकोनॉमिक कॉरिडोर के बनने से राज्य में हजारों रोजगार के अवसर पैदा होंगे और सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। यह परियोजना असम को आर्थिक रूप से और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications