असम में प्रियंका का बीजेपी पर हमला, महिलाओ के खिलाफ अपराध को रोक नहीं पा रही सरकार
गुवाहटी। असम में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सोमवार को असम के दौरे पर पहुंची। यहां उन्होंने गौहपुर में एक जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में प्रियंका गांधी ने कहा कि असम में महिलाओं के खिलाफ क्राइम रेट पूरे देश में सबसे ज्यादा है और यहां की सरकार क्राइम को रोकने के लिए कुछ नहीं कर रही है। प्रियंका ने आगे कहा कि आपके पास वोट करने की शक्ति है और इसका इस्तेमाल आप अपनी सुरक्षा के लिए कीजिए, ये चुनाव महिलाओ की सुरक्षा के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण होगा।
असम में तीन चरण में होगा विधानसभा चुनाव
आपको बता दें कि असम में 126 विधानसभा सीटों के लिए तीन चरण में मतदान होगा। पहले चरण की शुरुआत 27 मार्च से होगी। असम में कांग्रेस की तरफ से चुनाव प्रचार का जिम्मा प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी संभाल लिया है। सोमवार को प्रियंका गांधी वाड्रा असम के दौरे पर थीं। यहां उन्होंने कामाख्या देवी मंदिर में दर्शन किए। कामाख्या देवी मंदिर में दर्शन करने के बाद उन्होंने ट्वीट कर कहा कि वह काफी समय से मंदिर आना चाहती थीं और ''उनकी यह इच्छा पूरी हो गई। मंदिर में पूजा करके उन्होंने देशवासियों के कल्याण के लिए प्रार्थना की है। इसके बाद उन्होंने स्थानीय महिलाओं के साथ नृत्य भी किया।