असम में बाढ़ से 12 की मौत, 38000 लोग बेघर, उत्तर भारत में मानसून की दस्तक
नई दिल्ली। असम में आई बाढ़ से हालात हर रोज बिगड़ते जा रहे हैं। बुधवार को बाढ़ के चलते एक और व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि अबतक प्रदेश में बाढ़ से तकरीबन 38000 लोग पांच अलग-अलग जिलों में प्रभावित हुए हैं। सिवनगर जिले में एक व्यक्ति की मौत हुई है, इसके साथ ही प्रदेश में इस वर्ष आई बाढ़ की वजह से 12 लोगों की मौत हो चुकी है। असम राज्य आपदा प्रबंधन निगम की ओर से जानकारी दी गई है कि बाढ़ से प्रदेश में धेमजी, जोरहाट, मजूली, सिवनगर, डिब्रूगढ़ में 38000 लोग प्रभावित हुए हैं।
Recommended Video

कई शहर प्रभावित
धेमजी में सबसे ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं, यहां 15000 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं ,जबकि डिब्रूगढ़ में 11000 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं. वहीं सिवनगर की बात करें तो यहां तकरीबन 10000 लोग प्रभावित हुए हैं। मंगलवार को बाढ़ प्रभावित लोगों की संख्या प्रदेश में 37000 थी, लेकिन मजूली में भी बाढ़ आने से यह आंकड़ा बढ़ गया। बाढ़ की वजह से 102 गांव डूब चुके हैं, जबकि 5031 हेक्टेएयर खेत बर्बाद हो चुके हैं। प्रशासन 27 राहत कैंप चला रहा है, जहां 1081 लोगों को रखा गया है।
ब्रह्मपुत्र नदी खतरे के उपर
ब्रह्मपुत्र नदी अपनी सामान्य स्तर से कहीं ज्यादा उपर बह रही है। यह जोरहाट और धुबरी में खतरे के निशान के उपर बह रही है। इसकी सहायक नदियां भी खतरे के निशान के उपर बह रही हैं। सड़क और अन्य निर्माण कार्य भी बुरी तरह से प्रभावित हुए है। वहीं उत्तर भारत के कई राज्यों में बुधवार को मानसून ने दस्तक दे दी है। उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर, लद्दाख में भी बारिश देखने को मिली है। बुधवार को दिल्ली में जमकर बारिश हुई, साथ ही उत्तर प्रदेश में भी कई जगहों पर बारिश हो रही है। लखनऊ में आज सुबह से ही बारिश हो रही है।
उत्तर भारत में मानसून की दस्तक
पंजाब में भी मानसून आ चुका है, जिसकी वजह से पारा नीचे गिर गया है। चंडीगढ़ मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून पहुंच गया है। हालात मानसून के पक्ष में हैं और आज कई जगहों पर तेज बारिश की संभावना है। पंजाब के पटियाला और अमृतसर में अधिकतम पारा 34.7 और 35.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जोकि सामान्य से नीचे हैं।












Click it and Unblock the Notifications