
Assam Flood: बाढ़ में बह गई 30 मीटर लंबी सड़क, करीमगंज में बंद हुई वाहनों की आवाजाही
करीमगंज, 01 जुलाई: असम में आई बाढ़ और बीते कई दिनों से हो रही बारिश ने स्थिति को ओर गंभीर बना दिया है। बाढ़ की वजह से 22 जिलों के 21 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। बारिश की वजह से कुशियारा, लोंगई और सिंगला नदियों के जलस्तर में पहले से काफी बढ़ोत्तरी देखी गई। वहीं, शुक्रवार सुबह करीमगज बाईपास के साथ 30 मीटर लंबी सड़क का एक बड़ा हिस्सा बाढ़ के पानी में बह गया। इसके चलते करीमगंज बाईपास मार्ग को आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है।

न्यूज़ एजेंसी एएनआई की खबर के मुताबिक, करीमगंज जिले में शुक्रवार छह बजे बाढ़ के कारण बाईपास की 30 मीटर लंबी सड़क टूट गई। सड़क टूटने की वजह से वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। वहीं, डिब्रूगढ़ में बाढ़ का पानी सीआरपीएफ (CRPF) कैंप में घुस गया। ऐसा बताया जा रहा है कि लगातार तेज बारिश के चलते हालात में कोई सुधार नहीं हो पा रहा। अगले 3-4 दिन तक बारिश होने की संभावना बनी हुई है। आपको बता दें कि असम में बाढ़ की स्थिति काफी भयावह हो चुकी है और लाखों लोग बाढ़ की समस्या से जूझ रहे हैं।
#WATCH | Karimganj, Assam | A 30-metre-long stretch of road along the Karimganj bypass was breached due to floods at around 6am today. The road has been closed for vehicular movement. pic.twitter.com/RW19Ia0RCS
— ANI (@ANI) July 1, 2022
वहीं, बाढ़ के कारण असम में कई लोगों की जानें भी चली गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्रह्मपुत्र, बेकी, कोपिली, बराक और कुशियारा नदियां अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए एक केंद्रीय टीम गुरुवार को असम पहुंची। इतना ही नहीं, गुरुवार को मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बाढ़ प्रभावित जिलों के उपायुक्तों के साथ वर्चुअल कॉन्फ्रेंस की। सीएम ने उपायुक्तों को राहत शिविरों में रहने वाले प्रत्येक परिवार को 3,800 रुपए का भुगतान करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने आपदा से हुए नुकसान की लिस्ट 15 जुलाई तक तैयार करने को भी कहा।
ये भी पढ़ें:- बाढ़ में डूबा दो मंजिला भंगनामारी पुलिस स्टेशन, LIVE वीडियो आया सामने