Assam Election: पाकिस्तान से चला नैरेटिव? असम CM हिमंता बिस्वा ने गौरव गोगोई के प्रेस कॉन्फ्रेंस पर उठाए सवाल
Assam Election 2026: असम विधानसभा चुनाव 2026 के मतदान से महज तीन दिन पहले राज्य की राजनीति में 'पकिस्तान' की एंट्री हो गई है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार, 6 अप्रैल को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा और लोकसभा सांसद गौरव गोगोई पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं।
मुख्यमंत्री का दावा है कि कांग्रेस नेताओं द्वारा हाल ही में दी गई प्रेस कॉन्फ्रेंस की सामग्री (मटेरियल) एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप द्वारा सप्लाई की गई थी। विस्तार से जानिए क्या है पूरा विवाद...

11 पाकिस्तानी टॉक शो में कांग्रेस की जीत का नैरेटिव
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गुवाहाटी में मीडिया से बात करते हुए कहा कि असम के चुनावों में पाकिस्तान की दिलचस्पी अचानक बढ़ गई है। उन्होंने रिसर्च का हवाला देते हुए दावा किया, पिछले 10 दिनों में पाकिस्तानी चैनलों पर असम चुनाव को लेकर कम से कम 11 टॉक शो हुए हैं, जो पहले कभी नहीं हुए।
हर टॉक शो का निष्कर्ष यही होता है कि असम में कांग्रेस को जीतना चाहिए। कल पवन खेड़ा और गौरव गोगोई ने दिल्ली और गुवाहाटी में जो प्रेस कॉन्फ्रेंस की, उसका पूरा कच्चा चिट्ठा एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप से जुड़ा हुआ है।
CM बिस्वा ने कांग्रेस को दी जालसाजी और उम्रकैद की चेतावनी
मुख्यमंत्री ने विपक्षी नेताओं को कानूनी परिणामों की चेतावनी देते हुए कहा कि फर्जी दस्तावेजों के जरिए जनता को गुमराह करना एक गंभीर अपराध है। उन्होंने कहा- फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आरोप लगाना आईपीसी की धारा 420 और 468 (अब नए न्याय संहिता प्रावधान) के तहत आता है। सीएम ने आगे कहा कि यदि चुनाव के परिणामों को प्रभावित करने के लिए मनगढ़ंत दस्तावेजों का उपयोग किया जाता है, तो इसमें उम्रकैद तक की सजा का प्रावधान है। मुझे पूरा भरोसा है कि कानून प्रवर्तन एजेंसियां इसका संज्ञान लेंगी।
रिंकी भुइयां सरमा ने दर्ज कराई FIR
यह पूरा विवाद पवन खेड़ा के उन आरोपों से शुरू हुआ जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री की पत्नी रिंकी भुइयां सरमा पर कई पासपोर्ट रखने और विदेश (दुबई और अमेरिका) में अघोषित संपत्ति होने का दावा किया था। इन आरोपों के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा, मेरी पत्नी ने कल ही FIR दर्ज करा दी है। पुलिस उचित धाराओं में मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करेगी। सीएम ने पहले ही साफ किया था कि पवन खेड़ा द्वारा दिखाया गया एक पासपोर्ट पूरी तरह फेक है और दुबई प्रशासन से भी इसकी पुष्टि हो चुकी है।
पाकिस्तानी लिंक पर कांग्रेस का पलटवार
दूसरी तरफ, पवन खेड़ा और गौरव गोगोई अपने आरोपों पर कायम हैं। खेड़ा का कहना है कि वे जल्द ही और सबूत पेश करेंगे और उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि क्या उन्होंने अपने चुनावी हलफनामे में सभी संपत्तियों का खुलासा किया है?
गौरव गोगोई ने भी इन आरोपों की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है, जिससे राज्य में राजनीतिक टकराव चरम पर पहुंच गया है। बता दें कि असम की सभी 126 विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होना है। वोटों की गिनती 4 मई को होगी। चुनाव से ठीक पहले पाकिस्तानी लिंक और 'फेक पासपोर्ट' के इन आरोपों ने असम के चुनावी रण को बेहद दिलचस्प और संवेदनशील बना दिया है।












Click it and Unblock the Notifications