Assam: 'फेलोशिप अवॉर्ड तुरंत वापस लें', CM हिमंत बिस्वा को मिले सम्मान पर कांग्रेस की सिंगापुर सरकार से मांग
Assam CM Himanta Biswa Sarma: असम के सीएम और बीजेपी के फायर ब्रांड नेता हिमंत बिस्वा सरमा को सिंगापुर ने ली कुआन यू एक्सचेंज फेलोशिप से सम्मानित किया है। उनको यह अवॉर्ड विकास के लिए मिला है। जिसके बाद अब कांग्रेस ने सवाल उठाते हुए फेलोशिप वापस लेने का अनुरोध किया है।
दरअसल, रविवार को सीएमओ ने पुष्टि करते हुए बताया कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को समाज सेवा के लिए सिंगापुर ने सम्मानित किया है। सिंगापुर सरकार ने सार्वजनिक सेवा में विशिष्ट योगदान के लिए सरमा को ली कुआन यू एक्सचेंज फेलोशिप से सम्मानित किया।

जिसके बाद अब मंगलवार को असम कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने सिंगापुर के ली कुआन यू स्कूल ऑफ पब्लिक पॉलिसी से मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को दी गई फेलोशिप को "वापस लेने" का आग्रह किया है।
असम कांग्रेस भूपेन कुमार बोरा ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता 'भारतीय राजनीति में जो कुछ भी गलत है, उसके पक्ष में खड़े हैं'।
संस्थान के डीन को लिखे एक खुले पत्र में बोरा ने कहा- मैं असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को ली कुआन यू स्कूल ऑफ पब्लिक पॉलिसी द्वारा ली कुआन यू एक्सचेंज फेलोशिप प्रदान करने के फैसले से चकित हूं। सिंगापुर के पिता ली कुआन यू एक अनुकरणीय राजनेता थे, जिन्होंने जीवनभर ईमानदारी, कड़ी मेहनत और सभ्यता का प्रदर्शन किया।
दूसरी ओर हिमंत बिस्वा सरमा उन सभी चीजों के विपरीत उदाहरण पेश करते हैं, जिनके लिए ली कुआन यू खड़े थे। वास्तव में वह भारतीय राजनीति में जो कुछ भी गलत है, उसके पक्ष में खड़े हैं। इसलिए मैं LKYSPP की प्रतिष्ठित संस्था से आग्रह करता हूं कि वह ऐसे राजनेता को दिया गया यह प्रतिष्ठित फेलोशिप पुरस्कार तुरंत वापस ले।
आपको बता दें कि बीजेपी नेता यह सम्मान पाने वाले असम के पहले मुख्यमंत्री बने। यह फेलोशिप व्यक्तियों को उनके राष्ट्र के विकास और सिंगापुर के साथ द्विपक्षीय संबंधों में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान की जाती है।












Click it and Unblock the Notifications