जिग्नेश मेवाणी की गिरफ्तारी के सवाल पर बोले असम सीएम सरमा- मुझे नहीं पता वो कौन हैं
नई दिल्ली, 21 अप्रैल: गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवाणी को असम पुलिस ने बुधवार रात को गिरफ्तार कर लिया है। पीएम मोदी पर ट्वीट करने को लेकर उनकी गिरफ्तारी हुई है। वहीं असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्व सरमा ने जिग्नेश को लेकर हुए सवाल पर कहा है कि वो उनको जानते ही नहीं हैं।

गुरुवार को जिग्नेश की गिरफ्तारी को बदले की राजनीति से प्रेरित बताने वाले विपक्ष के नेताओं के बयान पर सरमा ने कहा, मैं जब जानता ही नहीं हूं कि वह व्यक्ति कौन है तो बदले की राजनीति की बात कहां से आ गई। जब मैं उन्हें जानता तक नहीं हूं तो प्रतिशोध की राजनीति कैसे करूंगा? उन्होंने केस पर कहा कि मैं मामले की बारीकियों से अवगत नहीं हूं।
गुजरात कांग्रेस ने जिग्नेश की गिरफ्तारी के पीछे एक साजिश होने की बात कही है। कांग्रेस ने कहा है कि मेवाणी के खिलाफ भाजपा बदले की भावना से कार्रवाई कर रही है। ऐसे में कांग्रेस उनको कानूनी सहायता देगी। निर्दलीय विधायक जिग्नेश मेवाणी ने कुछ समय पहले कांग्रेस को समर्थन की बात कही थी।
बुधवार रात किए गए हैं गिरफ्तार
असम पुलिस ने बुधवार देर रात गुजरात के वडगाम से विधायक और दलित एक्टिविस्ट जिग्नेश मेवाणी को पालनपुर सर्किट हाउस से गिरफ्तार किया है। जिग्नेश मेवाणी की ये गिरफ्तारी उनके 18 अप्रैल को किए ट्वीट की वजह से हुई है, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र किया गया था। इस मामले को लेकर मेवाणी के खिलाफ पुलिस में शिकायत करने वाले अरूप कुमार डे भारतीय जनता पार्टी के नेता हैं।
बीजेपी नेता अरूप कुमार डे ने मेवाणी के ट्वीटस के एक दिन बाद को कोकराझार थाने में एक शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए 20 अप्रैल की रात करीब 11 बजे विधायक मेवाणी को गिरफ्तार कर लिया। कोकराझार पुलिस ने मेवाणी के खिलाफ धारा 120बी, धारा 153(ए), 295(ए), 504, 506 और आईटी अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।












Click it and Unblock the Notifications