असम चुनाव: प्रियंका गांधी का बड़ा ऐलान- सत्ता में आए तो महिलाओं को हर महीने देंगे दो हजार रुपए
असम में सत्ता में आए तो महिलाओं को हर महीने देंगे दो हजार रुपए:
तेजपुर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी कहा है कि अगर असम में उनकी पार्टी की सरकार आती है तो महिलाओं के लिए विशेष तौर पर योजनाएं चलाई जाएंगी। प्रियंका ने कहा है कि कांग्रेस के सत्ता में आने पर महिलाओं को हर महीने दो हजार रुपए कैश दिए जाएंगे। वहीं जो महिलाएं और मजदूर चाय के बागानों में काम करते हैं, उनको प्रतिदिन 365 रुपए की दिहाड़ी सुनिश्चित की जाएगी।

Recommended Video
मंगलवार को असम के तेजपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, अगर हमारी (कांग्रेस) सरकार बनेगी तो गृहणियों को हर महीनो 2000 रुपए गृहणी सम्मान के रूप में मिलेंगे। साथ ही बिजली की 200 यूनिट मुफ्त में मिलेंगे। बिजली के बिल से आपके करीब 1400 रुपए हर महीने बच जाएंगे। इसके साथ-साथ हम पांच लाख नई सरकारी नौकरियां भी युवाओं को देंगे। प्रियंका ने कहा कि ये उनके वादे नहीं बल्कि गांरटी है।
प्रियंका गांधी ने लोगों से कांग्रेस को वोट देने की गुजारिश करते हुए कहा कि असम के बड़े-बड़े नेता चार्टर प्लेन में घूमते हैं। आजकल चीन और जापान की ग्रीन टी भी पीने लगे हैं शायद उन्हें असम की कड़क चाय पिलानी पड़ेगी और उन्हें उनकी जगह दिखानी पड़ेगी।
सत्ता में आए तो सीएए नहीं लागू होनें देंगे
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने ये भी कहा कि उनकी पार्टी की सरकार आती है तो नागरिकता संशोधन कानून को असम में लागू नहीं करेंगे। प्रियंका ने कहा, कांग्रेस पार्टी की असम में सरकार बनेगी तो हमारी सरकार एक कानून लाएगी जिसके तहत यहां सीएए लागू नहीं हो पाएगा।
असम में किस दिन होगा मतदान
असम की 126 सीटों के लिए 27 मार्च, 1 अप्रैल और 6 अप्रैल को मतदान होगा जबकि 2 मई को चुनावों के नतीजे घोषित होंगे। बता दें कि अभी असम में एनडीए की सरकार है और भाजपा के सर्वानंद सोनोवाल मुख्यमंत्री हैं। 2016 में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी 89 सीटों पर चुनाव लड़ी थी और उसने 60 सीटें जीती थीं, जबकि असम गण परिषद ने 30 सीटों पर चुनाव लड़कर 14 सीटें अपने नाम किया था जबकि बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट ने 13 सीटों पर चुनाव लड़कर 12 पर फतेह हासिल की थी। इस चुनाव में कांग्रेस ने 122 सीटों पर चुनाव लड़ा था और सिर्फ 26 सीटों पर जीत दर्ज कर पाई थी।












Click it and Unblock the Notifications