Assam Floods: 'उफनती नदियां, डूबते घर, रोते-बिलखते लोग', असम-अरुणाचल में बाढ़ से हाहाकार, रेड अलर्ट जारी
Assam Floods Latest News: देश के कई राज्य इस समय कुदरत की मार झेल रहे हैं। एक तरफ असम और अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ से हाहाकार मचा हुआ है, तो दूसरी ओर पूर्वी राज्यों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
असम और अरुणाचल प्रदेश में लगातार भारी बारिश से नदियों ने रौद्र रूप धारण कर रखा है। शहर से लेकर गांव पानी के सैलाब में डूबते नजर आ रहे हैं। जल प्रलय ऐसा कि हर तरफ सिर्फ तबाही का मंजर है।

लोग अपने घरों को पानी में बेहता देख रहे हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने उनकी चिंताओं को और बढ़ा दिया है। मौसम विभाग ने जिलेवार भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग का कहना है कि ब्रह्मपुत्र या उसकी किसी सहायक नदी के पास स्थित क्षेत्रों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने सभी पूर्वोत्तर राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

6 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, राज्य में बाढ़ प्रभावित जिलों की संख्या 12 से बढ़कर 19 हो गई है। अब तक करीब 6.44 लाख लोग बाढ़ और मौसम की मार से प्रभावित हुए हैं। अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ और बारिश के कारण भूस्खलन की संभावना के कारण 2 जुलाई से 6 जुलाई तक ईटानगर में स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
खतरे के निशान से ऊपर नदियां
बता दें कि लगातार बारिश से जल स्तर बढ़ने के कारण अरुणाचल प्रदेश की सभी नदियां वर्तमान में खतरे के निशान से ऊपर हैं। समाचार एजेंसी PTI की रिपोर्ट के अनुसार, पूर्वी सियांग और निचले सियांग जिलों में बाढ़ के पानी से निचले इलाकों में भारी तबाही हुई है। अब तक 35 लोगों की जान चली गई है तो 26,199.18 हेक्टेयर फसल क्षेत्र पानी से तबाह हो गया।
राहत बचान का काम जारी
बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में राहत व बचाव अभियान चलाया जा रहा है। लेकिन, भूस्खलन और बाढ़ के कारण अरुणाचल प्रदेश में सतही संपर्क करने में दिक्कते हो रही हैं। रिपोर्ट के अनुसार, असम राइफल्स ने 'ऑपरेशन सेवियर' के तहत बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फंसे 500 लोगों को बचाया है।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और सेना आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं और राज्य में स्थिति पर सभी विधायकों और अधिकारियों द्वारा नजर रखी जा रही है।
उत्तरी राज्यों में भी भारी बारिश का अलर्ट
दिल्ली एनसीआर समेत उत्तर भारत के राज्यों में भी मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। हरियाणा, पश्चिमी यूपी और उत्तराखंड में भारी बारिश हो सकती है।
सिक्किम, बिहार और उत्तर पूर्वी राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी वैज्ञानिक सोमा सेन का कहना है, ''उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और गुजरात उप-मंडल के लिए रेड अलर्ट और कोंकण क्षेत्र के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।''












Click it and Unblock the Notifications