सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने करवाया कोरोना टेस्ट, एक रिपोर्ट निगेटिग, दूसरी का इंतजार
हैदराबाद: सरकार की तमाम कोशिशों के बाद भी देश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। मौजूदा वक्त में देश में रोजाना 23-24 हजार मामले सामने आ रहे हैं। तेलंगाना भी कोरोना से बुरी तरह प्रभावित है। इस बीच राजधानी हैदराबाद में सांसद और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने अपना कोरोना टेस्ट करवाया है। जिसकी एक रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि दूसरी का इंतजार है।

ओवैसी ने जांच की दो फोटो ट्वीट करते हुए लिखा कि आज मैंने कोरोना वायरस की जांच के लिए एंटीजन और RTPCR टेस्ट करवाया। इसमें एंटीजन रिपोर्ट तो निगेटिव आई है, जबकि RTPCR की रिपोर्ट 30 घंटे बाद आएगी। रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्होंने अल्लाह का शुक्रिया अदा किया। ओवैसी के मुताबिक तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में 30 सेंटर्स पर एंटीजन टेस्ट हो रहे हैं। उन्होंने सभी से कोरोना वायरस की जांच करवाने की अपील की। ओवैसी के मुताबिक कोरोना की जांच करवाने के लिए लोगों को किसी तरह का संकोच नहीं करना चाहिए।
तेलंगाना में 32 हजार मामले
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों की बात करें तो भारत में अब कोरोना के कुल केस 8,20,916 हो गए हैं। इसमें से 2,83,407 ऐक्टिव केस हैं जबकि 5,15,386 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। इस बीमारी से देश में अब तक 22,123 लोगों की मौत हुई है। वहीं बीते 24 घंटे में कोरोना के 27,114 नए केस सामने आए हैं और 519 लोगों की मौत हुई है। तेलंगाना भी कोरोना से बुरी तरह प्रभावित है, जहां पर 32 हजार से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। इसमें से 339 लोगों की मौत हुई है।












Click it and Unblock the Notifications