पिछले तीन साल में 3.9 लाख लोगों ने छोड़ी भारत की नागरिकता, 48 लोग गए पाकिस्तान
नई दिल्ली, 20 जुलाई। भारत की नागरिकता को छोड़ने वाले नागरिकों का चौंकाने वाला आंकड़ा सामने आया है। पिछले तीन साल में तकरीबन 4 लाख लोगों ने भारत की नागरिकता को छोड़ दिया है। मंगलवार को संसद में सरकार की ओर से एक सवाल के जवाब में यह जानकारी साझा की गई है। सरकार की ओर से कहा गया है कि पिछले 3 साल में 3.9 लाख लोगों ने भारत की नागरिकता को छोड़ा है और ये लोग दुनिया के 103 देशों में जाकर बसे हैं और वहां की नागरिकता हासिल की है। सबसे अधिक भारतीयों की पसंद अमेरिका रहा है, जहां की इन लोगों ने नागरिकता ली है।

अमेरिका पहली पसंद
सिर्फ 2021 की बात करें तो 1.63 लाख लोगों ने भारत की नागरिकता छोड़ी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से साझा की गई रिपोर्ट के अनुसार पिछले साल 78 हजार से अधिक लोगों ने अमेरिका की नागरिकता ली है। 2019 में 61683 लोगों ने, 2020 में 30828, 2021 में 78284 लोगों ने अमेरिका की नागरिकता ली है। वहीं दूसरे नंबर अमेरिका के बाद कनाडा आता है जहां की भारतीयों ने नागरिकता ली है।

कनाडा, ऑस्ट्रेलिया पहुंचे हजारों
कनाडा में 2019 में 25381, 2020 में 17093, 2021 में 21597 लोगों ने नागरिकता ली है। वहीं 2019 में 21340, 2020 में 13518 और 2021 में 23533 लोगों ने ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता ली है। इसके बाद यूके, इटली, न्यूजीलैंड, जर्मनी का नंबर आता है जहां कि सबसे अधिक भारतीयों ने नागरिकता ली है। 2019 में 1.44 लाख भारतीयों ने भारत की नागरिकता छोड़ी है, जबकि 2020 में 85256 लोगों ने भारत की नागरिकता छोड़ी है।

इन देशों के भी नागरिक बने भारतीय
बसपा सांसद हाजी फजलुर रहमान के सवाल का जवाब देते हुए गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने संसद को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने व्यक्तिगत वजहों का हवाला देते हुए भारत की नागरिकता छोड़ी है। आंकड़ों के अनुसार 7046 लोगों ने सिंगापुर, 3754 लोगों ने स्वीडन, 170 लोगों ने बहरीन, 2 ने अंगोल, 21 ने इरान, 1 ने इराक की नागरिकता ली है। इसके अलावा 1400 से अधिक लोगों ने चीन की भी नागरिकता हासिल की है। वहीं 48 ऐसे लोग भी हैं जिन्होंने पाकिस्तान की नागरिकता ली है।












Click it and Unblock the Notifications