जम्मू कश्मीर:नौशेरा सेक्टर में पाक सेना की गोलीबारी में जवान शहीद
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में लाइन ऑफ कंट्रोल (एलओसी) पर पाकिस्तानी सेना की ओर से की गई फायरिंग में भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया है। सेना के हवलदार संबुर गुरुंग को रात करीब साढ़े बारह बजे पाक की ओर से हुई गोलाबारी में गोली लगी थी। शुक्रवार सुबह जानकारी दी गई है कि उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। नौसेरा सेक्टर में पाक की ओर से सीजफायर का उल्लंघन करते हुए ये फायरिंग की गई है, जिसमें जवान की जान गई।
दो दिन पहले जम्मू-कश्मीर में पुंछ जिले के बालाकोट सेक्टर में पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था। जिसमें एक नागरिक की मौत हो गई थी। बुधवार को बालाकोट और मेंढर सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से सीमा पर करीब 2 बजे गोलीबारी शुरू हुई थी। लांजोत गांव में पाकिस्तान की गोलीबारी में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से एक की अस्पताल में मौत हो गई।
पाकिस्तान की सेना लगातार नियंत्रण रेखा पर द्विपक्षीय सीजफायर उल्लंघन करती आ रही है। जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा और जम्मू और कश्मीर के अंतरराष्ट्रीय सीमा पर 2,400 से अधिक बार सीजफायर का उल्लंघन किया है। नौशेरा सेक्टर में ही पाकिस्तान ने 22 जून को फायरिंग की थी। इसमें हवलदार दीपक कर्की शहीद हो गए थे।
ये भी पढ़िए- जम्मू-कश्मीर: पुंछ के बालाकोट में पाकिस्तान ने तोड़ा सीजफायर, एक नागरिक की मौत