राजस्थान: बॉर्डर का दौरा करने पहुंचे आर्मी चीफ बिपिन रावत ने की ये बड़ी घोषणा
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा से लगे इलाकों का दौरा करने के बाद थलसेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने राजस्थान से लगी पाकिस्तानी सीमा के अग्रिम इलाकों का दौरा किया। यहां पर उन्होंने सेना की स्थिति का जायजा लिया। जनरल रावत ने राजस्थान के बाड़मेर औऱ सूरतगढ़ सेक्टरों का दौरा किया। वहां भारतीय थलसेना के आला अधिकारियों के साथ बैठक कर ऑपरेशनल तैनाती की समीक्षा की। इसके अलावा उन्होंने सेना में पारदर्शिता को बढ़ाने के लिए एक मेजर जनरल रैंक अधिकारी की नियुक्ति की घोषणा की।

रावत ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि, उन्हें भारतीय इलाके में अस्थिरता पैदा करने के पाकिस्तानी सेना के नापाक इरादों से निबटने के लिये भारतीय थलसेना की सक्षमता और जवाबी तैयारी पर उन्हें पूरा भरोसा है। भारतीय सेना के उच्च मनोबल की उन्होंने सराहना की। भारतीय सैनिकों को उन्होंने किसी भी हालात का मुकाबला करने के लिये वायुसेना के साथ तालमेल से चौकसी बनाए रखने को उत्साहित किया।
जवानों को संबोधित करते हुए रावत ने कहा कि, उनके अंतर्गत एक मेजर जनरल रैंक की नई पोस्ट बनाई जा रही है। जो फोर्स के ईमानदारी औऱ पारदर्शिता के लिए काम करेगी। उन्होंने यह भी बताया कि, मानवाधिकारों की देखभाल के लिए भी एक नई पोस्ट बनाई जा रही है। जो सेना से जुड़े मानवाधिकार के मुद्दों के देखेगी।
पुलवामा में 14 फरवरी को आतंकवादी हमले के बाद भारत ने गत 26 फरवरी को पाकिस्तान के बालाकोट इलाके पर हवाई हमला किया था। इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव काफी बढ़ा। दोनों ओर से सीमांत इलाकों में नये सिरे से सैन्य तैनाती बढ़ाई गई।












Click it and Unblock the Notifications