अमित शाह ने राहुल, अखिलेश और मायावती पर बोला हमला, आतंकवादी इनके रिश्तेदार थे क्या जो मातम फैल गया था
नई दिल्ली। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा अध्यक्ष मायावती पर निशाना साधते हुए कहा कि आतंकवादी पाकिस्तान में मरे लेकिन बुआ, भतीजे और राहुल बाबा के ऑफिस में मातम पसर गया। क्या आतंकवादी इनके रिश्तेदार थे क्या। अमित शाह ने कहा कि अखिलेश यादव, मायावती और राहुल गांधी देश को सुरक्षित नहीं रख सकते। शाह ने कहा कि बीजेपी के लोग आतंकवादियों के साथ 'ईलू-ईलू' नहीं कर सकते हैं।

शाह ने कहा कि, ''हम देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकते। उधर (पाकिस्तान) से गोली आएगी तो इधर (भारत) से गोला जाएगा और ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा।'' उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी और उनकी पार्टी टुकड़े-टुकड़े गैंग वालों के साथ हैं और देश को तोड़ने की चाहत रखते हैं।' भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी अपने घोषणा पत्र में देशद्रोह की धारा को हटाने की बात कर रहे हैं ताकि 'भारत तेरे टुकड़े होंगे' का नारा लगाने वालों को जेल न हो सके, इसलिए कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में देशद्रोह की धारा को हटाने की बात कही है।
शाह ने कहा कि देश में 10 साल तक मौनी बाबा की सरकार थी पाकिस्तान से कोई भी आता था और हमारे भारतीय जवान का सिर काट कर ले जाता था, लेकिन सरकार कुछ नहीं कर पाती थी। उन्होंने कहा कि गाजीपुर जैसे छोटे शहर के अंदर रेल सेवा, हवाई सेवा, मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति हो चुकी है। आज हर तरफ विकास हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications