April 1 Rule Changes: टैक्स से सैलरी तक 1 अप्रैल से बदलेंगे ये बड़े नियम, आपकी जेब पर कितना पड़ेगा असर?
1 April 2026 Rule Changes: 31 मार्च से नए वित्तीय वर्ष (2026-27) का आगाज होने जा रहा है और इसी के साथ देश के आम नागरिक, नौकरीपेशा वर्ग और व्यापारियों के लिए नियमों का एक नया दौर शुरू होगा। 1 अप्रैल, 2026 से नया आयकर अधिनियम 2025 लागू होने जा रहा है, जो 65 साल पुराने 1961 के कानून की जगह लेगा।
इसके अलावा रेलवे, बैंकिंग, डिजिटल पेमेंट और टोल प्लाजा से जुड़े नियमों में भी आमूलचूल बदलाव होने वाले हैं। आइए जानते हैं वे 14 बड़े बदलाव जो सीधे आपकी जेब और जीवनशैली को प्रभावित करेंगे।

नया आयकर अधिनियम 2025 लागू
सबसे बड़ा बदलाव टैक्स सिस्टम में होने जा रहा है। 1 अप्रैल 2026 से नया आयकर अधिनियम 2025 लागू होगा, जो 1961 के पुराने कानून की जगह लेगा। सरकार का दावा है कि यह कानून टैक्स सिस्टम को आसान और पारदर्शी बनाएगा। इसमें धाराओं की संख्या 819 से घटाकर 536 कर दी गई है, जिससे करदाताओं के लिए नियम समझना आसान होगा।
सैलरी स्ट्रक्चर में होगा बड़ा बदलाव
नए नियमों के तहत अब कर्मचारियों की बेसिक सैलरी कुल CTC का कम से कम 50% होना जरूरी होगा। इससे PF और ग्रेच्युटी में बढ़ोतरी होगी, लेकिन टेक-होम सैलरी थोड़ी कम हो सकती है। साथ ही HRA से मिलने वाली टैक्स छूट भी कम हो सकती है, जिससे पुराने टैक्स सिस्टम में टैक्स का बोझ बढ़ सकता है।
बैंकिंग और डिजिटल सुरक्षा RBI के नए नियम
अब ऑनलाइन पेमेंट के लिए सिर्फ OTP काफी नहीं होगा। PIN, बायोमेट्रिक या डिवाइस वेरिफिकेशन जैसी सुरक्षा की दूसरी परत अनिवार्य होगी। UPI के जरिए ATM से कैश निकालना अब आपकी 'फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट' में गिना जाएगा। लिमिट खत्म होने पर हर बार करीब ₹23 का चार्ज देना होगा। अब आप क्रेडिट कार्ड से भी इनकम टैक्स भर सकेंगे, हालांकि इस पर प्रोसेसिंग फीस लग सकती है।
पैन (PAN) कार्ड के सख्त नियम
यदि 31 मार्च तक आपने आधार और पैन में नाम की गलती नहीं सुधारी, तो 1 अप्रैल से आपका पैन कार्ड रद्द हो जाएगा। साल में 10 लाख से ज्यादा की निकासी/जमा पर पैन देना होगा। 20 लाख से ज्यादा की प्रॉपर्टी खरीदने पर भी यह अनिवार्य है। हालांकि, 1 लाख तक के होटल बिल और 5 लाख से कम की बाइक के लिए अब पैन की जरूरत नहीं होगी।
यात्रा और परिवहन से आपकी जेब होगी ढीली
रेलवे के नए नियमों के मुताबिक, ट्रेन छूटने से 8 घंटे पहले तक टिकट रद्द नहीं कराया तो 'जीरो रिफंड' मिलेगा। पहले यह सीमा 4 घंटे थी। नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा पर अब नकद (Cash) भुगतान पूरी तरह बंद हो जाएगा। सिर्फ FASTag या UPI से ही पेमेंट होगा। अब देश के हर पेट्रोल पंप पर 20% एथेनॉल (E20) मिला हुआ पेट्रोल मिलेगा, जिसका उद्देश्य प्रदूषण कम करना और तेल आयात घटाना है।
रसोई गैस और महंगाई का डर
मिडिल ईस्ट संकट के कारण तेल कंपनियां 1 अप्रैल को LPG सिलेंडर, हवाई ईंधन (ATF) और CNG-PNG की कीमतों की समीक्षा करेंगी। युद्ध के चलते सप्लाई चेन प्रभावित है, जिससे कीमतों में बढ़ोतरी की प्रबल संभावना है।
नियम बदलें...क्या करें और क्या न करें?
अप्रैल 2026 से लागू होने वाले ये बदलाव आपकी सैलरी, खर्च, निवेश और रोजमर्रा की जिंदगी पर सीधा असर डालेंगे। टैक्सपेयर्स को अब अपने निवेश और खर्च का रिकॉर्ड और भी सावधानी से रखना होगा, क्योंकि अब हर बड़ा लेन-देन सीधे आपके पैन कार्ड के जरिए आयकर विभाग की नजर में रहे। ऐसे में जरूरी है कि आप इन नए नियमों को समझकर अपनी फाइनेंशियल प्लानिंग पहले से तैयार कर लें।












Click it and Unblock the Notifications