महंगे हुए Apple के प्रोडक्ट्स! MacBook Pro से iPad Air तक बढ़ीं कीमतें, कितना महंगा हुआ आपका पसंदीदा मॉडल?
Apple Price Hike India 2026: अगर आप नया MacBook या iPad खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। टेक दिग्गज Apple ने दुनिया भर में अपने कई MacBook और iPad मॉडल की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी कर दी है।
भारत में भी इन डिवाइसों के दाम 20% से लेकर 42% तक बढ़ाए गए हैं। कंपनी का कहना है कि सेमीकंडक्टर चिप, मेमोरी और स्टोरेज कंपोनेंट्स की कीमतों में भारी उछाल के कारण यह फैसला लेना पड़ा है।

MacBook Pro की कीमत में लगभग 20% बढ़ोतरी
Apple की आधिकारिक भारतीय वेबसाइट पर अपडेट किए गए नए रेट के अनुसार, M5 Pro चिप से लैस 14-इंच MacBook Pro की शुरुआती कीमत अब 2,99,900 रुपये हो गई है। यह मॉडल लॉन्च के समय 2,49,900 रुपये में उपलब्ध था। यानी इस मॉडल की कीमत में लगभग 50,000 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। यह बढ़ोतरी करीब 20 प्रतिशत के बराबर है।
iPad Air हुआ सबसे ज्यादा महंगा
Apple के iPad Air मॉडल में सबसे बड़ी बढ़ोतरी देखने को मिली है। 13-इंच iPad Air का बेस मॉडल अब 1,19,900 रुपये में मिलेगा, जबकि लॉन्च के समय इसकी कीमत 84,900 रुपये थी। इस तरह iPad Air की कीमत में करीब 41.22 प्रतिशत का इजाफा हुआ है, जो हाल के वर्षों में Apple की सबसे बड़ी मूल्य वृद्धि में से एक माना जा रहा है।
किन प्रोडक्ट्स पर पड़ा असर?
कीमत बढ़ने वाले प्रमुख उत्पादों में शामिल हैं:
- MacBook Air
- MacBook Pro
- iPad Air
- iPad Pro Wi-Fi मॉडल
हालांकि फिलहाल Apple ने Apple Watch और AirPods की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है।
Why Apple Increased Prices: क्यों महंगे हुए Apple के प्रॉडक्ट्स? कंपनी ने बताई बड़ी वजह
आमतौर पर एप्पल अपने नए जनरेशन के डिवाइस लॉन्च करते समय कीमतें बढ़ाता है, लेकिन मौजूदा मॉडलों की कीमतों में इस तरह रातों-रात इतनी बड़ी बढ़ोतरी होना बेहद दुर्लभ है। एप्पल ने इस 'ऐतिहासिक' मूल्य वृद्धि के पीछे वैश्विक बाजार में चल रहे मेमोरी चिप संकट को मुख्य वजह बताया है।
कंपनी ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा-"पूरी दुनिया में AI डेटा सेंटरों का विस्तार बहुत तेजी से हो रहा है। इस वजह से कंप्यूटर मेमोरी और स्टोरेज (RAM और SSD) की मांग में उछाल आया है। हमने कंपोनेंट्स की कीमतों में इतनी तेजी से इतनी बड़ी बढ़ोतरी पहले कभी नहीं देखी। हम अब तक अपने ग्राहकों को इस महंगाई से बचा रहे थे, लेकिन अब हम उस स्थिति में पहुंच गए हैं जहां हमारे लिए पुरानी कीमतों को बरकरार रखना असंभव हो गया है।"
एप्पल के CEO टिम कुक ने भी हाल ही में कहा था कि बाजार में चिपफ्लेशन के कारण लागत को संभालना अब कंपनी के लिए मुश्किल हो रहा है।
क्या iPhone भी महंगा होगा?
राहत की बात यह है कि एप्पल ने फिलहाल iPhone, Apple Watch और AirPods की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। हालांकि, ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट का मानना है कि यह राहत अस्थायी हो सकती है। एप्पल इस साल सितंबर में अपनी नई स्मार्टफोन सीरीज iPhone 18 सीरीज लॉन्च करने की तैयारी में है, जिसमें एक $2,000 (करीब 1.6 लाख रुपये) से अधिक का फोल्डेबल डिवाइस भी शामिल हो सकता है।
फैसले के बाद शेयर बाजार में डूबे एप्पल के अरबों डॉलर
कीमतें बढ़ाने के इस अचानक फैसले से शेयर बाजार के निवेशक बुरी तरह सहम गए। गुरुवार को अमेरिकी शेयर बाजार में एप्पल के शेयर 6.2% तक टूटकर $274.86 पर बंद हुए। यह अप्रैल 2025 के बाद से एप्पल के शेयरों में आई सबसे बड़ी एक दिवसीय गिरावट है।
इस भारी गिरावट के कारण कंपनी के मार्केट कैप से एक ही दिन में अरबों डॉलर साफ हो गए। एप्पल का यह कदम इस बात का शुरुआती संकेत है कि आने वाले दिनों में आसुस, एचपी और डेल जैसी अन्य कंपनियां भी अपने लैपटॉप की कीमतें बढ़ा सकती हैं।














Click it and Unblock the Notifications