अनुराग ठाकुर ने विपक्ष के दावे का किया खंडन, कहा- 'चुनाव पहले या देरी से कराने की कोई योजना नहीं
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए विपक्षी दलों का गठबंधन एक हो गया है। हाल ही में उन्होंने दावा किया था कि मोदी सरकार तय वक्त से पहले आम चुनाव करवा सकती है। हालांकि अब केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने उनके दावे का खंडन किया है।
अनुराग ठाकुर के मुताबिक मीडिया रिपोर्ट्स में जल्दी चुनाव को लेकर जो कुछ कहा जा रहा वो सही नहीं है। सरकार की समय से पहले आम चुनाव कराने की कोई योजना नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने कार्यकाल के आखिरी दिन तक भारत के नागरिकों की सेवा करना चाहेंगे।

दरअसल केंद्रीय मंत्री एक टीवी इंटरव्यू में शामिल हुए थे। उसी वक्त उनसे जल्द चुनाव को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि सरकार की आगामी विधानसभा चुनावों में देरी करने की कोई योजना नहीं है। कुछ लोग दावा कर रहे कि विधानसभा चुनावों को आम चुनाव के साथ करवाया जाएगा, वो भी गलत है। ये सिर्फ मीडिया का अनुमान है।
वहीं वन नेशन-वन इलेक्शन पर उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से एक समिति गठित की गई है। इसको अंतिम रूप देने से पहले हर हितधारक से बात की जाएगी। इसके अलावा सरकार चाहेगी कि अधीर रंजन चौधरी वन नेशन-वन इलेक्शन कमेटी का हिस्सा बनें, क्योंकि विपक्ष की आवाज को शामिल करना मोदी सरकार की विशाल हृदय को दिखाता है।
संसद के विशेष सत्र पर क्या कहा?
मोदी सरकार ने 18 सितंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाया है। इस पर ठाकुर ने सरकार के एजेंडे का खुलासा नहीं किया, बस इतना कहा कि इस सत्र के लिए कुछ विशेष योजना है। विशेष सत्र के एजेंडे का खुलासा उचित समय पर संसदीय कार्य मंत्री द्वारा किया जाएगा।
विपक्ष ने सरकार पर लगाया आरोप
'वन नेशन-वन इलेक्शन' का विपक्षी दल विरोध कर रहे। उनका दावा है कि सत्ता में बने रहने के लिए मोदी सरकार ये कदम उठा रही है। हालांकि सरकार ने इस दावे को खारिज कर दिया था। साथ ही कहा था कि सिर्फ और सिर्फ देशहित के लिए ये फैसला लिया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications