डिंग डॉन्ग डिंग गर्ल अनीता हंसनंदानी ने बेटे को दिया जन्म, पति ने शेयर की खूबसूरत तस्वीर
नई दिल्ली। फिल्म अभिनेत्री और टीवी एक्ट्रेस अनीता हंसनंदानी ने एक खूबसूरत बच्चे को जन्म दिया है। उनके पति रोहित रेड्डी ने इंस्टाग्राम पर एक खूबसूरत तस्वीर साझा करके इस बात की जानकारी दी है। अनीता ने 9 फरवरी को एक बेटे को जन्म दिया है। रोहित ने इंस्टाग्राम पर अनीता की एक तस्वीर को साझा किया है, जिसमे वह अनीता के गाल पर किस कर रहे हैं और ऊपर ग्राफिक से लिखा है कि इट्स ए बेबी ब्वॉय। रोहित के इस इंस्टा पोस्ट को लाखों लोग लाइक कर चुके हैं और बड़ी संख्या में लोग कपल को बधाई दे रहे हैं।
बता दें कि अनीता हंसनंदानी ने मुंबई में पिछले वर्ष दिसंबर माह में बेबी शॉवर कराया था, जिसमे कई हस्तियों ने शिरकत की थी। बेबी शॉवर में एकता कपूर, करिश्मा तन्ना, क्रिस्टल डिसूजा, सनाया इरानी सहित कई हस्तियां शामिल हुई थीं। खुद अनीता ने इस कार्यक्रम की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की थी, जिसमे उन्होंने लिखा, ये मेरे परफेक्ट बेबी शॉवर के बारे में है। बता दें कि अनीता और रोहित ने पिछले वर्ष एक खूबसूरत इंस्टा पोस्ट के जरिए प्रेग्नेंसी की जानकारी दी थी।
गौरतलब है कि अनीता और रोहित की 2013 में शादी हुई थी। अनीता टीवी सीरियल ये है मोहब्बतें, कभी सौतन कभी सहेली, काव्यांजलि में काफी लोकप्रिय हुई थीं। उन्होंने कुछ तो है, कृष्णा कॉटेज जैसी फिल्मों में भी काम किया है। आखिरी बार अनीता को टीवी सीरियल नागिन-4 में देखा गया था। इसके अलावा अनीता ने कई अन्य भाषा की फिल्मों में भी काम किया है। अनीता ने कन्नड़, तेलुगु फिल्मों में भी काम किया है। फिल्म कुछ तो है के गाने दिल डिंग डॉन्ग डिंग डोले में अनीता का डांस नंबर काफी लोकप्रिय हुआ था।